मधुबनी : बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ की घटना को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मामले में आरोपी ASI के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, फरार ASI की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है। प्रशासन ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की है।
दरअसल, बलिराजगढ़ में हुई घटना के बाद इलाके में लोगों का आक्रोश देखने को मिल रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार खोजपुर चौराहा स्थित धरना स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने धरना दे रहे लोगों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की बात सुनी और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
इस दौरान एक बुजुर्ग महिला भावुक होकर जिलाधिकारी से लिपटकर रोने लगीं। जिलाधिकारी ने उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिया कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही SSP ने सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़ित और उनके परिजनों से मुलाकात की थी। साथ ही बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ बाबूबरही थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल, आरोपी ASI फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए गठित पांचों पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने मामले का स्पीडी ट्रायल कराने और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही है। पीड़ित परिवार को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है। कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत भी सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
इधर, जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।







