संजय सरावगी ने दी पीएम मोदी के दौरे की जानकारी
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वैशाली जिले के जाफर पट्टी में प्रस्तावित 1,260 एकड़ के इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के गठन का एक साल पूरा हो रहा है। इसी अवसर के मद्देनजर 21 नवंबर को प्रधानमंत्री का बिहार दौरा प्रस्तावित है।
एनडीए की बैठक में तैयारियों पर मंथन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री के स्वागत, कार्यक्रम की रूपरेखा और आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
एनडीए के विभिन्न नेताओं को आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में सुरक्षा, जनसभा की व्यवस्था और कार्यक्रम को सफल बनाने से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सिक्स लेन पुल का उद्घाटन कर सकते हैं पीएम मोदी
मिली जानकारी के मुताबिक, वैशाली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्स लेन पुल का उद्घाटन भी कर सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक विस्तृत कार्यक्रम का इंतजार है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। डीजीपी और मुख्य सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया जा रहा है।
10 जिलों में निकल चुकी है पदयात्रा
एनडीए की बैठक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को लेकर भी चर्चा हुई। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के मुताबिक, यह पदयात्रा अब तक करीब 10 जिलों में निकाली जा चुकी है।
शेष जिलों में पदयात्रा के आयोजन को लेकर कार्यक्रम और शेड्यूल दिवाली एवं छठ पूजा के बाद निर्धारित किया जाएगा।
फिलहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। अब सभी की नजरें 21 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम और प्रधानमंत्री की ओर से घोषित की जाने वाली संभावित विकास परियोजनाओं पर टिकी हैं।







