पटना : छठ महापर्व के बाद ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 16 नवंबर से 26 नवंबर तक पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद रहेगी। इस फैसले का असर पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पाटलिपुत्र और दानापुर स्टेशन पर भी पड़ेगा। इस अवधि में यात्रियों को छोड़ने या उन्हें लेने आने वाले परिजन प्लेटफॉर्म टिकट खरीदकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर नहीं जा सकेंगे।
पटना से गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा तक लागू होगी व्यवस्था
रेलवे की यह व्यवस्था दानापुर, डीडीयू, सोनपुर और समस्तीपुर मंडलों के चिह्नित स्टेशनों पर लागू होगी। पटना के अलावा गया, डीडीयू, सासाराम और डेहरी आन सोन जैसे प्रमुख स्टेशन भी इस सूची में शामिल हैं। वहीं, हाजीपुर, बरौनी, खगड़िया और मुजफ्फरपुर में भी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद रहेगी।
समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, सीतामढ़ी, जयनगर, मधुबनी और पूर्णिया कोर्ट सहित अन्य चिह्नित स्टेशनों पर भी यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। रेलवे का मानना है कि प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद होने से अनावश्यक रूप से स्टेशन पहुंचने वाले लोगों की संख्या कम होगी और यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
मशीन और RailOne ऐप से भी नहीं मिलेगा प्लेटफॉर्म टिकट
प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक को प्रभावी बनाने के लिए रेलवे ने टिकट जारी करने वाली सभी संबंधित व्यवस्थाओं में बदलाव करने का निर्देश दिया है। इस दौरान ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन से भी प्लेटफॉर्म टिकट जारी नहीं होगा। इसके अलावा RailOne मोबाइल ऐप के माध्यम से भी प्लेटफॉर्म टिकट नहीं खरीदा जा सकेगा। हालांकि, बुजुर्गों, निरक्षरों और महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले लोगों को जरूरत के अनुसार छूट दी जा सकती है।
बैरगनिया और घोड़ासहन में दो जोड़ी ट्रेनों का ठहराव
यात्रियों की सुविधा के लिए समस्तीपुर मंडल के बैरगनिया और घोड़ासहन स्टेशन पर दो जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव भी दिया गया है। ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 11 नवंबर से बैरगनिया स्टेशन पर दोपहर 3:23 बजे पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद 3:25 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 12 नवंबर से सुबह 3:56 बजे पहुंचेगी और 3:58 बजे प्रस्थान करेगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 04014 आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल 11 नवंबर से घोड़ासहन स्टेशन पर दोपहर 12:50 बजे पहुंचेगी और 12:52 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल 12 नवंबर से सुबह 3:32 बजे पहुंचेगी और 3:34 बजे प्रस्थान करेगी।
रेलवे की इन व्यवस्थाओं से एक ओर छठ के बाद उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर छोटे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को भी राहत मिलेगी।







