पटना: राजधानी पटना में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार सुबह डाकबंगला चौराहे के पास स्थित ग्रैंड प्लाजा की संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है।
जानकारी के अनुसार, आग दुकान के बाहरी हिस्से में लगी थी। दुकान के बाहर लगे बैनर और पोस्टर ने आग पकड़ ली, जिसके बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। स्थानीय दुकानदारों और दमकल कर्मियों की संयुक्त कोशिश से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। दुकान में रखे लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान को जलने से बचा लिया गया।
फिलहाल आग से दुकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। अंदर रखे सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी वास्तविक जानकारी दुकान खुलने और नुकसान का आकलन होने के बाद ही सामने आ सकेगी। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
दीपावली की रात पटना में आग की 41 घटनाएं आई थीं सामने
गौरतलब है कि दीपावली की रात भी राजधानी पटना में आग लगने की 41 घटनाएं सामने आई थीं। इनमें छह स्थानों पर आग ने भयावह रूप ले लिया था, जिससे संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था। हालांकि, फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से अधिकांश जगहों पर समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था। इन घटनाओं में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना सामने आई थी।
लगातार हो रही आग की घटनाओं ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बिजली के उपकरणों, वायरिंग और अग्निशमन संसाधनों की नियमित जांच की जरूरत महसूस की जा रही है।




Users Today : 407
Who's Online : 7