खगड़िया: साहित्य के क्षेत्र में जिले के युवा प्रतिभाशाली छात्र अमन कुमार ने अपनी उपलब्धि से खगड़िया का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मुंगेर विश्वविद्यालय के अंतर्गत कोशी कॉलेज में इतिहास प्रतिष्ठा प्रथम सेमेस्टर के छात्र अमन की मूल हिंदी कविता ‘कोसी के किनारे’ को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय बहुभाषी साहित्यिक पत्रिका ‘असम म्यूज- पोएट्री एंड प्रोज मैगजीन’ में प्रकाशित किया गया है। पत्रिका के ऑटम स्पेशल 2026 अंक के पृष्ठ संख्या 36 पर प्रकाशित उनकी कविता को अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक मंच पर जगह मिली है। इस उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी मान्यता दी है।
हिंदी कविता खंड में दुनिया के केवल दो रचनाकारों को मिली जगह
अमन कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका के हिंदी कविता खंड में दुनिया भर से केवल दो रचनाकारों की रचनाओं को स्थान दिया गया है। पत्रिका के प्रथम वर्ष के चौथे अंक में अमेरिका, यूरोप और एशिया के विभिन्न देशों के साहित्यकारों की रचनाएं प्रकाशित हुई हैं। ऐसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी हिंदी कविता के माध्यम से खगड़िया की पहचान स्थापित करना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है।
उनकी कविता ‘कोसी के किनारे’ में कोसी क्षेत्र से जुड़े अनुभवों और भावनाओं की साहित्यिक अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। स्थानीय परिवेश और जीवन के अनुभवों को शब्दों में पिरोकर अंतरराष्ट्रीय पाठकों तक पहुंचाना उनकी रचनात्मक प्रतिभा को दर्शाता है।
इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उपलब्धि को दी मान्यता
अमन कुमार की इस साहित्यिक उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने भी अपने रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए अनुमोदित किया है। संस्था ने इसे ‘एक अंतरराष्ट्रीय बहुभाषी साहित्यिक पत्रिका में प्रकाशित मूल हिंदी कविता – वास्तविक जीवन के अनुभवों का मिश्रण’ शीर्षक के तहत भारतीय रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी है। इससे अमन की उपलब्धि को एक और महत्वपूर्ण पहचान मिली है।
संपादक और कुलपति ने दी बधाई
अमन कुमार की सफलता पर असम म्यूज की एडिटर-इन-चीफ गुना मोरन ने आधिकारिक संदेश भेजकर उन्हें बधाई दी है। वहीं, मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति ने भी छात्र की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कोशी कॉलेज के प्राचार्य और प्राध्यापकों ने भी अमन की इस सफलता पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इसे कॉलेज के साथ-साथ पूरे खगड़िया जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
एक युवा विद्यार्थी के रूप में अमन कुमार की यह उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता ने साबित किया है कि स्थानीय परिवेश और अनुभवों पर आधारित हिंदी साहित्य को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिल सकती है।




Users Today : 398
Who's Online : 1