पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए बिहार लौटना इस बार लोगों की जेब पर भारी पड़ रहा है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग और कन्फर्म टिकट की मारामारी के बीच अब हवाई सफर भी महंगा हो गया है। छठ के दौरान बिहार आने वाली फ्लाइट्स के किराए में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली से पटना आने वाली फ्लाइट का एक टिकट 21 हजार रुपये तक पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि इस कीमत में यात्री विदेश की यात्रा भी कर सकते हैं।
दिल्ली से नेपाल की राजधानी काठमांडू का हवाई टिकट करीब 8 हजार रुपये, बांग्लादेश की राजधानी ढाका का टिकट 9,463 रुपये और थाईलैंड के बैंकॉक का टिकट 17,279 रुपये में उपलब्ध दिख रहा है। इसके मुकाबले दिल्ली से पटना आने के लिए यात्रियों को 21 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
सामान्य दिनों की तुलना में पटना आने वाली फ्लाइट्स के किराए में औसतन करीब 183 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कुछ रूटों पर किराया 400 प्रतिशत तक बढ़ गया है। छठ के दौरान बिहार लौटने वाले प्रवासियों की भारी मांग को हवाई किराए में इस उछाल की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
दिल्ली और कोलकाता से गया आने का किराया 14 हजार तक
गया एयरपोर्ट भी बिहार आने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प है। हालांकि, यहां घरेलू उड़ानों की संख्या पटना एयरपोर्ट की तुलना में कम है। इसके बावजूद छठ के दौरान गया आने वाली फ्लाइट्स के किराए में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
12 नवंबर को दिल्ली से गया आने का शुरुआती हवाई किराया करीब 11,365 रुपये दिख रहा है। वहीं, कोलकाता से गया आने के लिए यात्रियों को लगभग 14,505 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।
13 नवंबर को दिल्ली से गया आने का किराया और बढ़ता दिखाई दे रहा है, जबकि कोलकाता से आने वाली फ्लाइट का किराया कम हो जाता है। इससे साफ है कि छठ के दौरान अलग-अलग तारीखों पर हवाई टिकट की कीमतों में काफी अंतर देखने को मिल रहा है।
दरभंगा आने के लिए 18 हजार रुपये से अधिक किराया
मिथिलांचल में छठ महापर्व मनाने के लिए आने वाले यात्रियों के लिए दरभंगा एयरपोर्ट एक प्रमुख विकल्प है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों से दरभंगा आने वाली फ्लाइट्स के किराए में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
12 नवंबर को दिल्ली से दरभंगा आने का शुरुआती किराया करीब 18,862 रुपये दिख रहा है। वहीं, मुंबई और बेंगलुरु से दरभंगा आने वाले यात्रियों को भी 16 से 18 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
दरभंगा के लिए चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता से सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है। इन शहरों से आने वाले यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का विकल्प चुनना पड़ता है। वहीं, मुंबई से दरभंगा आने के किराए में अलग-अलग टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर भी अंतर देखने को मिल रहा है।
पूर्णिया आने के लिए दिल्ली से 10 हजार में टिकट
सीमांचल के यात्रियों के लिए पूर्णिया एयरपोर्ट एक नया हवाई विकल्प बनकर उभरा है। यहां से दिल्ली, कोलकाता और अहमदाबाद सहित प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी उपलब्ध है।
12 नवंबर को दिल्ली से पूर्णिया आने का सीधा हवाई टिकट करीब 10 हजार रुपये में उपलब्ध दिख रहा है। वहीं, कोलकाता से पूर्णिया आने के लिए शुरुआती किराया लगभग 4 हजार रुपये है। हालांकि, 13 नवंबर को इन दोनों रूटों पर किराए में बदलाव देखने को मिल रहा है।
पूर्णिया के लिए चेन्नई, मुंबई और बेंगलुरु से सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है। इन शहरों से आने वाले यात्रियों को दूसरे शहरों के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ सकती है।
छठ पर घर वापसी के लिए जेब करनी होगी ढीली
छठ बिहार का सबसे बड़ा लोक आस्था का पर्व है। इस अवसर पर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और देश के अन्य महानगरों में रहने वाले लाखों बिहारी अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौटते हैं। ऐसे में हवाई यात्रा की मांग बढ़ने के साथ टिकटों की कीमतों में भी तेजी आ गई है।
पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया जैसे एयरपोर्ट के किराए में आए अंतर से यात्रियों के सामने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए सही विकल्प चुनने की चुनौती है। खासकर परिवार के साथ यात्रा करने वालों को टिकट पर काफी अधिक खर्च करना पड़ सकता है।
कुल मिलाकर छठ के मौके पर बिहार लौटना इस बार हवाई यात्रियों के लिए महंगा सौदा साबित हो रहा है। विदेश की कुछ उड़ानों से भी महंगा पटना का टिकट चर्चा का विषय बना हुआ है।




Users Today : 382
Who's Online : 8