पूर्वी चंपारण : जिले के कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद घर में आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर गांव स्थित एक घर में परिवार के लोग खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया और घर में आग फैल गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
आसपास के लोगों ने खाली किए घर
सिलेंडर में विस्फोट और आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर लोगों ने अपने-अपने घर खाली कर दिए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया और आसपास के घरों तक आग फैलने से रोकने में सफलता हासिल की।
घर का सामान जलकर हुआ क्षतिग्रस्त
इस अगलगी में घर में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, समय रहते लोगों के सुरक्षित बाहर निकल जाने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद पूरे गांव में गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। इस हादसे ने एक बार फिर घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।




Users Today : 367
Who's Online : 6