Home राज्य प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं तो राज्य और सीमांचल के लिए कुछ...

प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं तो राज्य और सीमांचल के लिए कुछ देकर जाएं : अख्तरुल ईमान

0
341

पटना : एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अख्तरुल ईमान ने प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश में कम और विदेशों में ज्यादा रहते हैं। ऐसे में उनका बिहार आना स्वागत योग्य है, लेकिन सवाल यह है कि प्रधानमंत्री बिहार के लिए क्या लेकर आ रहे हैं और अब तक उन्होंने राज्य को क्या दिया है?

अख्तरुल ईमान ने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार आ रहे हैं तो उन्हें राज्य के विकास के लिए कुछ करके जाना चाहिए। खासकर सीमांचल की स्थिति पर ध्यान देने की जरूरत है। सीमांचल बिहार का बेहद पिछड़ा इलाका है। राज्य के कई अन्य क्षेत्र भी विकास के मामले में पीछे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नारा सबका साथ, सबका विकास है, लेकिन बिहार को अब तक क्या मिला, इसका जवाब भी उन्हें देना चाहिए।

अख्तरुल ईमान ने कहा कि सीमांचल में आज भी लोग कई बुनियादी समस्याओं से परेशान हैं। इलाके की स्थिति सुधारने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। प्रधानमंत्री अगर बिहार आ रहे हैं तो उन्हें सीमांचल के विकास के लिए विशेष पैकेज और योजनाओं पर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ घोषणाओं से पिछड़े इलाकों की स्थिति नहीं बदलने वाली है।

एआईएमआईएम विधायक ने पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देने के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री से सवाल किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के सामने पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की मांग रखी थी, लेकिन आज तक यह मांग पूरी नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने का वादा कहां गया?

बिहार में एनडीए गठबंधन के भीतर सबकुछ ठीक नहीं होने और राजद-कांग्रेस की ओर से नये राजनीतिक समीकरणों को लेकर दिये जा रहे बयानों पर अख्तरुल ईमान ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि उन्हें तो ऐसा लगता ही नहीं कि बिहार में कोई प्रभावी विपक्ष है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम जनता की आवाज उठाना और जनहित के मुद्दों पर सरकार से सवाल करना है। सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर जनता की समस्याओं को उठाना चाहिए। इससे जनता के बीच विपक्ष की भूमिका स्पष्ट होगी और उसे राजनीतिक लाभ भी मिल सकता है।

राज्य में आगे क्या राजनीतिक घटनाक्रम होगा, इस पर उन्होंने कहा कि बिहार में कब क्या होगा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। विपक्षी दलों को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने के बजाय जनता के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

भाजपा की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए अख्तरुल ईमान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होगी। जो भी राजनीतिक परिस्थितियों को समझकर आगे बढ़ेगा, उसे फायदा मिल सकता है।

प्रशांत किशोर के ब्राह्मण और अल्पसंख्यक समुदाय को लेकर दिये गये बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अख्तरुल ईमान ने कहा कि उनके पास कोई वोट बैंक नहीं है, इसलिए वे इस तरह के बयान दे रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी सोच और समझ होती है। प्रशांत किशोर ही बेहतर बता सकते हैं कि उन्होंने ऐसा बयान किस सोच के तहत दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से राज्य को सिर्फ घाटा हुआ, मिला केवल आश्वासन : भाई वीरेंद्र राज्य

प्रधानमंत्री के बिहार दौरे से राज्य को सिर्फ घाटा हुआ, मिला केवल आश्वासन : भाई वीरेंद्र