पटना : प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गयी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री के पिछले 13 वर्षों के कार्यकाल के दौरान बिहार के कई दौरों पर सवाल उठाये हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बिहार आने से राज्य को कोई विशेष फायदा नहीं हुआ है, बल्कि हर बार केवल घोषणाएं और आश्वासन ही मिले हैं।
भाई वीरेंद्र ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, तो यहां पैकेज और विकास योजनाओं की घोषणा करके चले जाते हैं, लेकिन धरातल पर बिहार को क्या मिला, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे पर होने वाले खर्च का भी बिहार को कोई फायदा नहीं मिलता। राज्य को सिर्फ घाटा और वादे ही मिले हैं।
13 साल में कई दौरे, बिहार को क्या मिला?
राजद विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने 13 साल के कार्यकाल में कई बार बिहार का दौरा किया है, लेकिन राज्य को अब तक क्या हासिल हुआ, इसका जवाब जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हर दौरे के दौरान बड़े-बड़े वादे और पैकेज की घोषणाएं होती हैं, लेकिन बिहार को उसका वास्तविक लाभ नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि बिहार को विकास के मामले में आगे ले जाने के लिए सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस काम करने की जरूरत है।
NDA में सबकुछ ठीक नहीं, बैठकों के दौर पर उठाये सवाल
एनडीए के भीतर राजनीतिक खींचतान और लगातार हो रही बैठकों को लेकर भी भाई वीरेंद्र ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन में सबकुछ ठीक चल रहा है तो फिर बड़े-बड़े नेताओं के आने और लगातार बैठकों का दौर क्यों चल रहा है?
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार दो बार हम लोगों के साथ आ चुके हैं। बिहार की राजनीति में संभावनाओं का खेल चलता रहता है। आगे क्या होगा, यह कोई नहीं जानता।
बिहार की राजनीति में कुछ भी संभव, इंतजार कीजिए
भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार गौतम बुद्ध, सूफी संतों और महात्मा गांधी की धरती है। यहां की राजनीति में कभी भी कुछ भी संभव है। इसलिए अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
उन्होंने राजनीतिक परिस्थितियों पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार में जिधर खीर होती है, उधर ही भीड़ चली आती है। इसलिए अभी इंतजार कीजिए। आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में क्या बदलाव होता है, यह देखना दिलचस्प होगा।
राजद विधायक के इस बयान से एक बार फिर बिहार में प्रधानमंत्री के दौरे, केंद्र से मिलने वाली सहायता और एनडीए के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गयी है।




Users Today : 131
Who's Online : 0