Home राज्य बिहार में चलती ट्रेन की बोगी अचानक हुई अलग! करनौती स्टेशन के...

बिहार में चलती ट्रेन की बोगी अचानक हुई अलग! करनौती स्टेशन के पास बड़ा हादसा टला, कई ट्रेनें रद्द और घंटों लेट

0
8

नालंदा : बिहार में रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नालंदा जिले में करनौती रेलवे स्टेशन के पास दानापुर-राजगीर पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी अचानक ज्वाइंटर से अलग हो गई। ट्रेन संख्या 63340 में हुई इस घटना से यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, दानापुर-राजगीर पैसेंजर ट्रेन करनौती स्टेशन के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन की एक बोगी ज्वाइंटर से अलग हो गई। अचानक हुई इस तकनीकी गड़बड़ी से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन को रुकवाया और तकनीकी खराबी ठीक करने का काम शुरू किया। मरम्मत के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।

बिहारशरीफ स्टेशन प्रबंधक अमरेंद्र कुमार के मुताबिक, तकनीकी खराबी के कारण बोगी ज्वाइंटर से अलग हुई थी। हालांकि, यह गड़बड़ी किस वजह से आई, इसकी जांच कराई जाएगी।

इस घटना का असर राजगीर रेलखंड पर चलने वाली दूसरी ट्रेनों पर भी पड़ा। कुछ ट्रेनों को बिहारशरीफ, दनियावां और फतुहा के रास्ते डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते से वापस लाना पड़ा।

प्रभावित ट्रेनों की स्थिति इस प्रकार रही:

  • – राजगीर-पटना फास्ट मेमू पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी गई।
  • – मुंबई से आने वाली जनता एक्सप्रेस करीब 6 घंटे की देरी से राजगीर पहुंची।
  • – बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस करीब 5 घंटे विलंब से पहुंची।
  • – पटना-राजगीर फास्ट मेमू करीब 4 घंटे की देरी से चली।
  • – राजगीर-दानापुर पैसेंजर करीब ढाई घंटे विलंब से रवाना हुई।

वहीं, नई दिल्ली से राजगीर आने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस को प्रभावित रेलखंड से निकाल लिया गया, जिससे यात्रियों को राहत मिली।

त्योहार समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर और नौकरीपेशा लोग दिल्ली, मुंबई, सूरत, पंजाब समेत दूसरे राज्यों में लौट रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों में पहले से ही यात्रियों की भीड़ है। इसी बीच रेलखंड पर परिचालन प्रभावित होने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोगों की आगे की यात्रा और जरूरी काम भी प्रभावित हुए।

चलती ट्रेन की बोगी ज्वाइंटर से अलग होने की घटना ने रेलवे की तकनीकी व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल रेलवे की ओर से शुरुआती वजह तकनीकी खराबी बताई गई है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बोगी अलग होने के पीछे वास्तविक कारण क्या था। राहत की बात यह है कि एक बड़ा रेल हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने सैकड़ों यात्रियों की यात्रा को जरूर प्रभावित कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
कल से शुरू होगी सेंटअप परीक्षा, 19 से 28 नवंबर तक एग्जाम; पहले दिन फिजिक्स और केमिस्ट्री का पेपर राज्य

कल से शुरू होगी सेंटअप परीक्षा, 19 से 28 नवंबर तक एग्जाम; पहले दिन फिजिक्स और केमिस्ट्री का पेपर