पटना : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार और मंत्री अशोक चौधरी पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अशोक चौधरी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अशोक चौधरी को मंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। सरकार को तुरंत उन्हें मंत्रिमंडल से हटाना चाहिए और उनकी विधान परिषद की सदस्यता भी रद्द करनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अशोक चौधरी से जुड़ा ऑफिस ऑफ प्रॉफिट का पूरा मामला सामने है। इसके बावजूद सरकार इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार किस बात का इंतजार कर रही है। इस पूरे मामले में तत्काल फैसला लिया जाना चाहिए।
तेजस्वी यादव ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक चौधरी के खिलाफ जिस अधिकारी ने रिपोर्ट लिखी, उसे ही पद से हटा दिया गया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है। अच्छे अधिकारियों को हटाया जा रहा है, जबकि भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती दी जा रही है। राज्य में लगातार ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल चल रहा है।
वैशाली में मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी द्वारा निशांत कुमार को धक्का दिए जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसने किसको धक्का दिया और क्या मामला है, यह संबंधित लोगों का मामला है।
राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने को लेकर दिए गए आवेदन पर फैसला नहीं होने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि यह केवल तकनीकी मामला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में राजनीतिक दबाव में फैसला लिया गया है। तेजस्वी ने कहा कि उनके पास वीडियो और फोटो जैसे सबूत मौजूद हैं। इस मामले में वे आगे भी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने सभापति के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे उनका पक्ष और मजबूत होगा।
राहुल गांधी के भारत में आर्थिक संकट की आशंका जताने वाले बयान का समर्थन करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी बात बिल्कुल सही है। उन्होंने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम लोगों की जिंदगी लगातार मुश्किल होती जा रही है। इसके बावजूद सरकार जनता के मुद्दों के बजाय अपने एजेंडे पर काम कर रही है।
RJD MLC सुनील कुमार सिंह से ED की पूछताछ को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां लगातार विपक्ष के नेताओं को ही पूछताछ के लिए बुलाती हैं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार का काम केवल विपक्षी नेताओं को एजेंसियों के जरिए परेशान करना रह गया है।
तेजस्वी यादव ने संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश की जा रही है। तेजस्वी ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने दिया जा रहा है। इस तरह तेजस्वी यादव ने एक साथ बिहार सरकार, अशोक चौधरी और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।




Users Today : 197
Who's Online : 16