Home राज्य पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले नीतीश कुमार से मिले CM...

पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट चौधरी, 15 मिनट तक हुई मुलाकात; पुल के उद्घाटन पर चर्चा

0
11

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को बिहार दौरे से ठीक एक दिन पहले हुई इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान नीतीश कुमार खुद आवास के दरवाजे पर पहुंचकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत करते नजर आए।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के उद्घाटन पर हुई चर्चा

मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार के बीच कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल को लेकर बातचीत हुई। चर्चा है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पुल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले में इस पुल का उद्घाटन करेंगे।

मुलाकात की तस्वीरें CM ने एक्स पर की साझा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा कीं। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच हुई इस मुलाकात को पुल के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री पहले पटना पहुंचेंगे। पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेता और अधिकारी मौजूद रह सकते हैं।

वैशाली में तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर वैशाली जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक रूट चार्ट भी जारी किया गया है।

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों और यातायात व्यवस्था की जानकारी दी थी। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था।

19.76 किलोमीटर लंबा है नीतीश सेतु

कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल, जिसे नीतीश सेतु के नाम से भी जाना जा रहा है, बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। इसकी कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है। इसमें लगभग 9.76 किलोमीटर मुख्य पुल और करीब 10 किलोमीटर एप्रोच रोड शामिल है।

करीब 32 मीटर चौड़ा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के कल्याणपुर और चकसिकंदर क्षेत्र से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। साथ ही लोगों को आवागमन में समय की बचत होगी और क्षेत्र में व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी: दामाद के लिए करोड़ों की कार, घोड़ों की रेस में थार का इनाम; जानिए शादी का पूरा शेड्यूल राज्य

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी: दामाद के लिए करोड़ों की कार, घोड़ों की रेस में थार का इनाम; जानिए शादी का पूरा शेड्यूल