पटना : मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की रस्में शुरू हो गई हैं। इस शाही शादी को लेकर इलाके में काफी चर्चा है। शादी की तैयारियों में भव्यता और शाही ठाठ की खास झलक देखने को मिल रही है। करोड़ों रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर कार, बेटे के लिए BMW, 100 फीट लंबा जयमाला मंच और घुड़दौड़ के विजेता को थार देने की व्यवस्था इस समारोह को खास बना रही है।
दामाद को डिफेंडर और बेटे को मिलेगी BMW
शुक्रवार, आज अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को फलदान और तिलक चढ़ाएंगे। इस रस्म में फल, मिठाई, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े, बर्तन और फर्नीचर समेत कई कीमती उपहार दिए जाएंगे। समारोह का सबसे खास आकर्षण दामाद को दी जाने वाली करोड़ों रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार होगी।
शिवांगी की शादी अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां (बाढ़) में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न होगी। शादी समारोह के दौरान परिवार में बेटे अभिनव सिंह का उपनयन संस्कार भी आयोजित किया जाएगा। जनेऊ संस्कार के मौके पर अनंत सिंह अपने बेटे को BMW कार उपहार में देंगे।
100 फीट लंबा होगा जयमाला मंच, विदेशों से आएंगे फूल
शादी समारोह का मुख्य आयोजन 25 नवंबर को होगा। इसी दिन बिहटा से ऋषिकेश कुमार बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे। जयमाला के लिए करीब 100 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। मंच और पंडाल की सजावट के लिए जयपुर से आए कलाकार जुटे हुए हैं। सजावट में विदेशों से मंगाए गए फूलों का इस्तेमाल किया जाएगा।
घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी महिंद्रा थार
शादी के दिन अनंत सिंह की ओर से घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए करीब आठ बीघा जमीन पर रेस मैदान तैयार किया जा रहा है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़ों के पहुंचने की तैयारी है।
प्रतियोगिता में जीतने वाले घोड़े के मालिक को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। पहले स्थान पर आने वाले को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर रहने वाले को बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी दी जाएगी।
कब होगी कौन-सी रस्म?
- 20 नवंबर: फलदान और तिलकोत्सव।
- 23 नवंबर: हल्दी और कलश की रस्म।
- 24 नवंबर: मेहंदी और संगीत समारोह।
- 25 नवंबर: अभिनव का उपनयन संस्कार, घुड़दौड़ प्रतियोगिता, बारात और जयमाला।
अनंत सिंह की बेटी की इस शादी में पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य आयोजन की तैयारी की गई है। अब सभी की नजरें 25 नवंबर को होने वाले मुख्य विवाह समारोह पर टिकी हैं।




Users Today : 413
Who's Online : 9