Home राज्य संविधान दिवस पर पटना में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, पप्पू यादव...

संविधान दिवस पर पटना में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च, पप्पू यादव भी हुए शामिल; शहीद स्मारक पर गूंजा संविधान का संदेश

0
87

पटना : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बिहार कांग्रेस ने पटना में संविधान रक्षा मार्च निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। खास बात यह रही कि पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भी कांग्रेस के इस मार्च में शामिल हुए।

यह मार्च पटना के इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू हुआ और आर ब्लॉक होते हुए शहीद स्मारक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और संविधान लेकर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देते नजर आए। मार्च में शामिल नेताओं ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

शहीद स्मारक पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान सभी ने संविधान में दिए गए समानता, स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता और अखंडता का आधार है। इसकी मूल भावना को सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। मार्च के जरिए पार्टी ने नागरिक अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।

दरअसल, बिहार कांग्रेस की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी यानी AICC के निर्देश पर किया गया था। प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में पार्टी ने इस आयोजन के जरिए संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर अपनी राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी दर्ज कराई।

वहीं, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की इस मार्च में मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस के मंच से पप्पू यादव की भागीदारी ने बिहार की सियासत में इस कार्यक्रम को और अहम बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
NIT Rourkela ने विकसित की नई तकनीक, बेकार प्रोटीन से बनेगा घाव भरने वाला हाइड्रोजेल देश

NIT Rourkela ने विकसित की नई तकनीक, बेकार प्रोटीन से बनेगा घाव भरने वाला हाइड्रोजेल