गया जी : जिले में जमीन की खरीद-बिक्री और कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को पटना से पहुंची EOU की टीम ने गया, औरंगाबाद और झारखंड में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान डोभी निवासी राजद नेता सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के पुत्र मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, बोधगया में जमीन कारोबारी रोशन सिंह के ठिकाने पर भी जांच टीम पहुंची है।
गया, औरंगाबाद और झारखंड में एक साथ छापेमारी
EOU की टीम शुक्रवार सुबह से ही अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है। जानकारी के मुताबिक, गया जिले में पांच, औरंगाबाद में एक और झारखंड में दो ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। गया में डोभी और मोतीपुर स्थित भगत यादव के ठिकानों के अलावा उनके यहां काम करने वाले चतरा मोड़ निवासी उपेंद्र वर्मा के ठिकाने पर भी जांच की गई।
इसके अलावा झारखंड के हंटरगंज में प्रेम सिंह के घर और बोधगया में वास्तु विहार के पीछे स्थित जमीन कारोबारी रोशन सिंह के ठिकाने पर भी EOU की टीम पहुंची है। पूरी कार्रवाई डीएसपी प्रवेंद्र भारती के नेतृत्व में की जा रही है।
भगत यादव के बेटे मोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ
छापेमारी के दौरान भगत यादव के पुत्र मोनू घर में मौजूद थे। EOU की टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। जांच टीम संबंधित ठिकानों पर जमीन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों के साथ अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई में अन्य अधिकारी और सुरक्षा बल भी शामिल हैं।
करोड़ों की बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप
भगत यादव पर करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इस संबंध में दिए गए आवेदन में दावा किया गया है कि उन्होंने पत्नी सुनीता देवी, पुत्र आर्यन कुमार, कंपनी और सहयोगियों के नाम पर जमीन, फ्लैट और अन्य संपत्तियां खरीदी हैं।
आवेदन में जमीन पर कब्जा, रंगदारी और अन्य कथित आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से करीब 200 एकड़ जमीन का साम्राज्य खड़ा करने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, ये आरोप हैं और इनकी जांच EOU कर रही है।
बोधगया, शेरघाटी और बाराचट्टी की संपत्तियां भी जांच के दायरे में
आवेदन में बोधगया, शेरघाटी और बाराचट्टी समेत गया जिले के कई इलाकों में जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन संपत्तियों को अलग-अलग लोगों और संस्थाओं के नाम पर खरीदा गया। EOU की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और तथ्यों की जांच कर रही है।
आवेदन में 23 आपराधिक मामलों का उल्लेख
भगत यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में दर्ज 23 प्राथमिकी का विवरण भी आवेदन में दिया गया है। इनमें गया जिले के टिकारी, रामपुर, कोतवाली, बोधगया, शेरघाटी, डोभी और बाराचट्टी थानों के मामले शामिल हैं। इसके अलावा झारखंड के बोकारो, धनबाद, डुमरी और हंटरगंज थानों में दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया गया है।
आवेदन में अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जे समेत विभिन्न कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े आरोपों का जिक्र है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
डीएसपी बोले- दो से तीन घंटे तक चल सकती है कार्रवाई
डीएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई अभी जारी है और इसे पूरा होने में दो से तीन घंटे का समय लग सकता है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आएगी। गया के एसएसपी सुशील कुमार ने भी छापेमारी की पुष्टि की है। फिलहाल EOU की टीम दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है।




Users Today : 210
Who's Online : 6