Home राज्य बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में 2027-28 सत्र की संबद्धता प्रक्रिया तेज, 66 कॉलेजों...

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में 2027-28 सत्र की संबद्धता प्रक्रिया तेज, 66 कॉलेजों ने किया आवेदन; 36 का सत्यापन पूरा

0
6

मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कॉलेजों की संबद्धता प्रक्रिया तेज हो गई है। नए सत्र में संबद्धता पाने के लिए कुल 66 कॉलेजों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 16 संस्थानों के दस्तावेज अधूरे पाए जाने के कारण शुरुआती स्तर पर ही उनकी दावेदारी समाप्त हो गई। इसके बाद शेष 50 कॉलेजों के भौतिक सत्यापन के लिए कुल 12 जांच समितियों का गठन किया गया था।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से गठित जांच समितियों ने चार दिनों तक विभिन्न कॉलेजों का निरीक्षण किया। इस प्रक्रिया में 36 कॉलेजों का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है। वहीं, 10 कॉलेजों ने संबद्धता से जुड़े मामले न्यायालय में लंबित होने का हवाला देते हुए जांच नहीं कराई। इसके अलावा चार कॉलेजों की ओर से निरीक्षण के लिए समय मांगे जाने के कारण जांच दल वहां नहीं पहुंच सका।

14 कॉलेजों की जांच प्रक्रिया अभी अधूरी

विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, भौतिक सत्यापन के लिए गठित सभी जांच समितियों को शुक्रवार देर शाम तक अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जिन चार कॉलेजों ने निरीक्षण के लिए अतिरिक्त समय मांगा है, उनका सत्यापन कुलपति की स्वीकृति मिलने पर शनिवार दोपहर से पहले कराने पर विचार किया जा रहा है।

इस तरह कुल 14 संस्थानों की जांच से संबंधित स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि तय समयसीमा में जांच रिपोर्ट मिलने से संबद्धता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में आसानी होगी।

2 और 5 दिसंबर को सिंडिकेट, 10 दिसंबर को सीनेट बैठक

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय को लोक भवन से 10 दिसंबर को सीनेट बैठक आयोजित करने की मंजूरी मिल चुकी है। सीनेट बैठक से पहले दो और पांच दिसंबर को सिंडिकेट की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

पहली सिंडिकेट बैठक में संबद्धता, बजट और सीनेट से जुड़े अन्य प्रस्तावों पर विचार कर मंजूरी दी जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन आगामी शैक्षणिक और प्रशासनिक फैसलों को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटा है।

28 नवंबर को संबद्धता समिति और 30 नवंबर को एकेडमिक काउंसिल की बैठक

कॉलेजों की संबद्धता प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 28 नवंबर को संबद्धता समिति की बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 30 नवंबर को एकेडमिक काउंसिल की बैठक आयोजित होगी।

संबद्धता समिति की बैठक से पहले भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। रिपोर्ट और समिति की अनुशंसाओं के आधार पर कॉलेजों की संबद्धता से जुड़े प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इन प्रस्तावों को आगे सिंडिकेट और फिर सीनेट के समक्ष रखा जाएगा।

विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए संबद्धता प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की तैयारी चल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक गंडक किनारे बनेगी सड़क, बाढ़ से राहत के साथ पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा राज्य

वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक गंडक किनारे बनेगी सड़क, बाढ़ से राहत के साथ पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा