मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) ने पीजी सेकंड सेमेस्टर सत्र 2025-27 की परीक्षा को लेकर बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्र में फेरबदल करते हुए आरडीएस कॉलेज की जगह अब एलएनटी कॉलेज को नया परीक्षा केंद्र निर्धारित किया है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक सूचना में इसकी जानकारी दी गई है। ऐसे में आरडीएस कॉलेज से जुड़े परीक्षार्थियों को अब संशोधित परीक्षा केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी।
विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, आरडीएस कॉलेज में पहले से निर्धारित अन्य कार्यक्रमों के कारण परीक्षा आयोजित करना संभव नहीं था। इसी को लेकर शुक्रवार को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशिभूषण कुमार ने कुलपति से मुलाकात कर परीक्षा संचालन में असमर्थता जताई। इसके बाद परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए कुलपति के निर्देश पर परीक्षा केंद्र में बदलाव का फैसला लिया गया। आरडीएस कॉलेज में प्रस्तावित नौ केंद्रों को अब एलएनटी कॉलेज स्थानांतरित कर दिया गया है।
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की पीजी सेकंड सेमेस्टर सत्र 2025-27 की परीक्षा एक दिसंबर से शुरू होकर 18 दिसंबर तक चलेगी। इसमें विभिन्न विषयों के दस हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था और कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन की तैयारियों में जुटा है।
विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा के लिए कुल चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज और एलएनटी कॉलेज के अलावा एसआरएपी कॉलेज, बाराचकिया और बाबा भगवती राय डिग्री महाविद्यालय, तेलहुआ नौतन, पश्चिम चंपारण शामिल हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जल्द जारी किए जाएंगे। सभी छात्रों को सलाह दी गई है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद परीक्षा केंद्र और परीक्षा की तारीख की अच्छी तरह जांच कर लें। खासकर जिन परीक्षार्थियों का केंद्र पहले आरडीएस कॉलेज निर्धारित था, उन्हें संशोधित केंद्र एलएनटी कॉलेज की जानकारी जरूर रखनी होगी, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।




Users Today : 212
Who's Online : 1