Homeराज्यबिहारमृतक के घर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, लगातार हो रही घटनाओं पर...

मृतक के घर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, लगातार हो रही घटनाओं पर जताई चिंता

सुपौल, 22 अगस्त : पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शनिवार को पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक सत्यम कुमार के परिजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान सांसद ने फोन पर एसपी से बात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

दरअसल, तीन दिन पूर्व पिपरा थाना क्षेत्र के लिटियाही गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव के 14 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार का शव रेलवे पटरी के किनारे मिला था। परिजन ने आरोप लगाया था कि सत्यम की हत्या कर शव को रेलवे पटरी के किनारे रखा गया है। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि इसके करीब 24 घंटे के भीतर थुमहा के समीप रात में रेलवे पटरी के किनारे एक अन्य युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक करहरबा निवासी सुरेंद्र यादव है।

सुरेंद्र यादव की मौत को लेकर पुलिस का कहना है कि उसकी मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। वहीं, मृतक के परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है। लगातार हुई इन दोनों घटनाओं को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव लिटियाही स्थित सत्यम कुमार के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान सांसद ने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ उनकी लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ वे आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी ताकतवर व्यक्ति या व्यवस्था की मनमानी नहीं चलने देंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments