Homeराज्यअवैध वसूली के आरोप में थानाध्यक्ष हटाए गए, पुलिस केंद्र भेजे गए

अवैध वसूली के आरोप में थानाध्यक्ष हटाए गए, पुलिस केंद्र भेजे गए

गयाजी: जिले के गुरारू थाना के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार को प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। उन पर शराब माफिया, बालू माफिया और गिट्टी लदे वाहनों से कथित तौर पर अवैध वसूली कराए जाने के आरोप लगे थे। मामले की जांच के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उन्हें गुरारू थानाध्यक्ष के पद से हटाकर पुलिस केंद्र, गया वापस बुला लिया गया है।

दरअसल, आवेदक रविशंकर अवस्थी की ओर से गुरारू थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार और चौकीदार दुर्गा पासवान के पुत्र ललन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। आरोप था कि थाना क्षेत्र में शराब माफिया, बालू माफिया और गिट्टी लदे वाहनों से नियमित रूप से कथित अवैध वसूली की जा रही है।

मामले की जांच पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, गया द्वारा कराई गई। जांच प्रतिवेदन में विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर बताया गया कि गुरारू थानाध्यक्ष द्वारा चौकीदार के पुत्र ललन कुमार को थाना पर रखकर कथित तौर पर अवैध वसूली का काम कराए जाने की बात सामने आई।

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार और ललन कुमार के आचरण को संदिग्ध बताया गया है।

इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया के निर्देश पर वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने कार्रवाई करते हुए पुलिस अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से गुरारू थानाध्यक्ष के पद से हटा दिया।

उन्हें पुलिस केंद्र, गया वापस किया गया है और 24 घंटे के अंदर पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

फिलहाल मामले में विभागीय स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर बनी हुई है। वहीं, पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद गुरारू थाना में नए थानाध्यक्ष की तैनाती की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments