Homeराज्यचना-अरहर और खाद्य तेलों के दाम बढ़े, 10 दिनों से सोना-चांदी के...

चना-अरहर और खाद्य तेलों के दाम बढ़े, 10 दिनों से सोना-चांदी के भाव स्थिर; जानें ताजा रेट

भागलपुर :भागलपुर की स्थानीय मंडियों में कुछ दलहन और तेलहन को छोड़कर अधिकांश खाद्य पदार्थों की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि चना और अरहर समेत कुछ दलहन तथा खाद्य तेलों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। दूसरी ओर, सर्राफा बाजार में पिछले कुछ समय से जारी उतार-चढ़ाव के बाद करीब 10 दिनों से सोना और चांदी के भाव में स्थिरता बनी हुई है।

10 दिनों से सोना-चांदी के भाव में स्थिरता

भागलपुर के सर्राफा बाजार में पिछले एक महीने के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। करीब 15 दिन पहले सोने के भाव में कुछ गिरावट आई थी। चांदी की कीमत में भी नरमी दर्ज की गई थी। इसके बाद पिछले करीब 10 दिनों से दोनों कीमती धातुओं के भाव लगभग स्थिर बने हुए हैं।

सर्राफा बाजार में ताजा थोक भाव के अनुसार 24 कैरेट सोना 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1,40,600 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,36,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार कर रही है।

कारोबारियों के अनुसार, सोना और चांदी दोनों अभी भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। आने वाले दिनों में मांग और बाजार की स्थिति के आधार पर कीमतों में बदलाव हो सकता है।

चना और अरहर की कीमतों में तेजी

दलहन बाजार में चना और अरहर की कीमतों में तेजी का रुख देखने को मिल रहा है। वहीं चना व मसूर दाल के भाव फिलहाल स्थिर बताए जा रहे हैं। मूंग और कलाई दाल की कीमतों में अलग-अलग बाजारों में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है।

खाद्य सामग्री के ताजा भाव इस प्रकार हैं:

चना व मसूर दाल: 72 रुपये प्रति किलोग्राम

अरहर दाल: 120 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम

मूंग दाल: 98 रुपये प्रति किलोग्राम

कलाई दाल: 105 से 115 रुपये प्रति किलोग्राम

आटा: 35 रुपये प्रति किलोग्राम

कतरनी चावल 160 रुपये किलो तक

अनाज मंडी में कतरनी चावल की कीमत उसकी गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग है। इसकी कीमत करीब 80 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। वहीं स्वर्णा चावल करीब 40 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध है।

कतरनी चूड़ा की कीमत भी 110 से 130 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बनी हुई है। दूसरी ओर, चीनी के 50 किलो के पैकेट की कीमत बढ़कर करीब 2,850 रुपये तक पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि पहले इसकी कीमत करीब 2,300 रुपये थी।

खाद्य तेलों के दाम में भी तेजी

तेलहन बाजार में भी कीमतों में बढ़ोतरी का रुख बना हुआ है। 15 किलोग्राम वाले मंगल तेल का डिब्बा करीब तीन महीने पहले 2,475 रुपये में बिक रहा था। इसके बाद इसकी कीमत बढ़कर 2,800 रुपये हुई और अब यह करीब 2,930 रुपये तक पहुंच गई है।

वहीं रिफाइंड पाम तेल की कीमत पिछले दो महीनों से करीब 2,350 से 2,450 रुपये प्रति 13 लीटर के बीच बनी हुई है। भोजन वनस्पति का 15 किलो का जार करीब 2,480 रुपये में बिक रहा है।

शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ सकते हैं दाम

स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में शादी-ब्याह के सीजन का बाजार पर असर पड़ सकता है। मांग बढ़ने और आपूर्ति की स्थिति में बदलाव होने पर कुछ खाद्य उत्पादों की कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है।

फिलहाल भागलपुर की मंडियों में ज्यादातर खाद्य वस्तुओं के दाम स्थिर हैं, लेकिन दलहन और खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों पर बाजार की नजर बनी हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments