गया : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट गया एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में ऑपरेशन नारकोस के तहत तेजस राजधानी एक्सप्रेस से 15.822 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 7 लाख 91 हजार 100 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार 13 सितंबर को गया जंक्शन पर भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस के आगमन के दौरान मुखबिर की सूचना पर कोच ए-3 में यात्रा कर रही मीणा कुमारी (26 वर्ष), निवासी गोबरडीहा, थाना खिजरसराय, जिला गया के सामान की जांच की गई। जांच के दौरान उसके पिट्ठू बैग एवं ट्रॉली बैग से कुल 15 बंडलों में 15.822 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
महिला यात्री को महिला पुलिसकर्मी की उपस्थिति में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह उक्त गांजा ओडिशा के जाजपुर-केओंझार रोड स्टेशन से लेकर दिल्ली जा रही थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार महिला को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी गया के हवाले कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।







