पटना जिले में कोचिंग संस्थानों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पिछले कई महीनों से प्रभावित है। फरवरी 2026 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल बंद होने के कारण नये कोचिंग संस्थानों के आवेदन की प्रक्रिया धीमी रही। पिछले सात महीनों में जिले में सिर्फ 19 नये कोचिंग संस्थानों का ही रजिस्ट्रेशन हो सका है। इसके अलावा छह पुराने कोचिंग संस्थानों को जांच के बाद पंजीकृत किया गया है। जिला शिक्षा कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, पटना जिले में अब तक कुल 548 कोचिंग संस्थान पंजीकृत हैं।
अगले सप्ताह शुरू होगा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, कोचिंग रजिस्ट्रेशन पोर्टल को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। पोर्टल की जिम्मेदारी संभालने वाली एजेंसी से इसके रिन्यूअल के लिए कोटेशन मांगा गया है। विभाग का कहना है कि अगले सप्ताह से ऑनलाइन कोचिंग रजिस्ट्रेशन की सुविधा फिर से शुरू होने की उम्मीद है।
पोर्टल बंद होने से पहले आए थे 50 आवेदन
ऑनलाइन पोर्टल बंद होने से पहले जिला शिक्षा कार्यालय को कुल 50 आवेदन प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों के आधार पर संबंधित कोचिंग संस्थानों की जांच कराई गई। जांच के बाद 19 नये कोचिंग संस्थानों का रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि छह पुराने कोचिंग संस्थानों को भी जांच के बाद पंजीकृत किया गया।
बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे कोचिंग संस्थानों पर होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा कार्यालय ने बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार, जिन संस्थानों ने अब तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
अगले महीने से शुरू होगी औचक जांच
बिना निबंधन संचालित कोचिंग संस्थानों की पहचान के लिए अगले महीने से औचक निरीक्षण शुरू करने की तैयारी है। अनुमंडल पदाधिकारियों की ओर से इन संस्थानों का निरीक्षण कराया जाएगा। इस दौरान कोचिंग संस्थानों के रजिस्ट्रेशन की स्थिति के साथ-साथ निर्धारित मानकों के पालन की भी जांच की जाएगी।
पांच सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
कोचिंग संस्थानों की ओर से प्राप्त आवेदनों की जांच जिला प्रशासन की पांच सदस्यीय कमेटी करेगी। इसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। कमेटी संबंधित संस्थानों में जाकर दस्तावेजों और निर्धारित मानकों की जांच करेगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र संस्थानों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
महेंदू स्थित खान कोचिंग का हुआ रजिस्ट्रेशन
जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार, पटना के महेंदू स्थित खान कोचिंग का रजिस्ट्रेशन कर दिया गया है। वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से पोर्टल बंद होने के कारण जुलाई में जिला शिक्षा कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन दिया गया था। ऐसे आवेदनों पर भी विभागीय स्तर से प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
पोर्टल खुलते ही बढ़ सकते हैं आवेदन
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पोर्टल दोबारा शुरू होने के बाद नये कोचिंग संस्थानों के लिए आवेदन प्रक्रिया फिर से शुरू हो जाएगी। इससे रजिस्ट्रेशन के लिए लंबित आवेदनों को ऑनलाइन प्रक्रिया में शामिल करने में मदद मिलेगी।
जिला शिक्षा कार्यालय का फोकस अब नये संस्थानों के पंजीकरण के साथ-साथ बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों की पहचान और जांच पर भी है। आने वाले दिनों में औचक निरीक्षण और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के जरिए कोचिंग संस्थानों के रजिस्ट्रेशन की स्थिति को दुरुस्त करने की तैयारी है।







