पटना : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी सीटों पर जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आठों सीटों पर न्याय के साथ विकास के पक्ष में मतदान हुआ है। स्नातक और शिक्षक मतदाता बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने के पक्ष में अपना मत देंगे।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को जेडीयू पार्टी मुख्यालय पहुंचकर विधान परिषद चुनाव के मतदान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यालय में बनाए गए वाररूम का निरीक्षण किया और मॉनिटरिंग टीम से अलग-अलग क्षेत्रों में मतदान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संगठन के नेताओं और पदाधिकारियों से भी फीडबैक लिया। पार्टी कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना।
इस दौरान विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ और जेडीयू के राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी एवं पूर्व सांसद अनिल प्रसाद हेगड़े भी मौजूद रहे।
इससे पहले नीतीश कुमार ने सुबह अपने आवासीय कार्यालय, 7 सर्कुलर रोड पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और ललन कुमार सर्राफ से मतदान को लेकर जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यालय पहुंचकर चुनाव की निगरानी कर रहे पदाधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने और क्षेत्रवार फीडबैक लेने का निर्णय लिया।
मतदान समाप्त होने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि इस चुनाव में केवल स्नातक और शिक्षक ही मतदाता होते हैं। वे अच्छी तरह जानते हैं कि बिहार की एनडीए सरकार ने पिछले 21 वर्षों में शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में कितना काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मतदाता राज्य के विकास और समृद्धि को ध्यान में रखकर मतदान करेंगे।
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों समेत कुल आठ सीटों पर चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ। अब सभी राजनीतिक दलों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जिसके जरिए उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।







