Homeक्राइम न्यूज़कबीर मठ में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, मठाधीश ने जताई हत्या की...

कबीर मठ में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, मठाधीश ने जताई हत्या की साजिश की आशंका

सीवान: जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के लहेजी स्थित कबीर मठ में मंगलवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी।

घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मठ में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुट गई। मठाधीश आमोद गोस्वामी ने हाल के दिनों में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई है।

उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग की है। मठाधीश आमोद गोस्वामी ने बताया कि मंगलवार को उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। रात में जल्दी भोजन करने के बाद वह आराम करने चले गए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो व्यक्ति मठ पहुंचे। दोनों ने पहले मठ के चारों तरफ चक्कर लगाया और फिर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग करते हुए फरार हो गए। उनके अनुसार, गोली शीशे के स्लाइडर को तोड़ते हुए दीवार में जा लगी। अचानक हुई फायरिंग से मठ परिसर में दहशत का माहौल कायम हो गया। आमोद गोस्वामी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके साथ लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनसे उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके पूर्ववर्ती मठाधीशों के साथ भी इस तरह की वारदात हो चुकी है। इन घटनाओं के कारण उन्हें अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका है।

मठाधीश के अनुसार, बीते 21 अक्टूबर को मठ के समीप स्थित मठ की जमीन पर सरसों की बुवाई के लिए जुताई कराई जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही एक पिता-पुत्र वहां पहुंचे और जुताई कर रहे ट्रैक्टर चालक को भगा दिया। इसके बाद दोनों मठ में आए और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। आमोद गोस्वामी ने बताया कि इस मामले में उन्होंने एमएच नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जमीन विवाद के बाद मठ परिसर में फायरिंग की घटना सामने आने से मामला गंभीर हो गया है। हालांकि, फायरिंग और पूर्व के विवाद के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मठाधीश ने प्रशासन से घटना की गंभीरता से जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments