Homeदेशप्रधानमंत्री सूर्य घर योजना जागरूकता शिविर, सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना जागरूकता शिविर, सौर ऊर्जा अपनाने का आह्वान

मेदिनीपुर, 07 अगस्त पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी (डब्ल्यूबीएसईडीसीएल) की ओर से दांतन में गुरुवार शाम को ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ के संबंध में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य आम लोगों के बीच सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना तथा बिजली बिल में कमी लाने के प्रति जागरूक करना था।

दांतन के रवींद्र भवन स्थित सामुदायिक सभागार में दांतन ग्राहक सेवा केंद्र के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने योजना के उद्देश्य, आवेदन प्रक्रिया और इससे मिलने वाले आर्थिक लाभ की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घरों की छत पर सौर पैनल लगाने से उपभोक्ता अपनी बिजली की आवश्यकता का बड़ा हिस्सा स्वयं पूरा कर सकते हैं। इससे मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में पश्चिम मेदिनीपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक, बेलदा मंडल के मंडल प्रबंधक, दांतन ग्राहक सेवा केंद्र के स्टेशन प्रबंधक, सहायक अभियंता देवव्रत भुइयां सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्र के समाजसेवी और बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने भी शिविर में भाग लिया।

सहायक अभियंता देवव्रत भुइयां ने कहा कि सौर ऊर्जा प्रणाली अपनाने से उपभोक्ताओं का बिजली खर्च काफी कम हो सकता है। उन्होंने बताया कि पहले जहां बिजली बिल के रूप में हजारों रुपये का भुगतान करना पड़ता था, वहीं सौर पैनल लगाने के बाद यह बिल घटकर कुछ सौ रुपये तक आ सकता है। कई मामलों में बिजली उत्पादन और खपत के संतुलन के आधार पर बिल लगभग शून्य तक भी पहुंच सकता है।

उन्होंने बताया कि नेट मीटरिंग (आयात-निर्यात) प्रणाली के तहत दिन में सौर पैनल से उत्पन्न अतिरिक्त बिजली सीधे विद्युत निगम के ग्रिड में जाएगी। रात में अथवा धूप नहीं रहने पर उपभोक्ता उसी ग्रिड से बिजली का उपयोग कर सकेंगे। इससे उत्पादित और उपभोग की गई बिजली का समायोजन होने के कारण बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ दांतन के दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से इस योजना से जुड़कर स्वच्छ, किफायती और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments