Home राज्य बिहार के शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर देने के लिए...

बिहार के शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर देने के लिए जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू की जायेगी: मिथिलेश तिवारी

0

सीवान- 08 अगस्त। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के पहली बार भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय,अमर शहीद श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर देने के लिए जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में शिकायत निवारण पोर्टल शुरू किया गया है। इंटरमीडिएट परिषद कार्यालय में कार्यों को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू की गयी है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शनिवार को अर्धदिवसीय विद्यालय की व्यवस्था की गयी है। विद्यालयों के भवनों की मरम्मत एवं रंग-रोगन के साथ प्रयोगशालाओं को आधुनिक उपकरणों से लैस करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। बिहार के विद्यार्थी आधुनिक तकनीक में पीछे न रहें, इसके लिए विद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने किया। जिलाध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। अपने स्वागत भाषण में राहुल तिवारी ने कहा कि मंत्री बनने के बाद मिथिलेश तिवारी के सीवान आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके स्वागत एवं अभिनंदन के लिए काफी उत्साहित हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नंद प्रसाद चौहान, प्रदेश मंत्री मुकेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव राजीव कुमार, धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य प्रो. अभिमन्यु कुमार सिंह, वरिष्ठ नेता शंभु प्रसाद गुप्ता सहित पार्टी के पदाधिकारी, सभी मोर्चों के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्रीय मंत्री JP नड्डा से की मुलाकात

Exit mobile version