डूंगरपुर, 07 अगस्त राजस्थान के जलियांवाला बाग के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित न किए जाने से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया। आदिवासी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोगरा के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि मानगढ़ धाम केवल एक भू-भाग नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था, शौर्य और अद्वितीय बलिदान का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री द्वारा इसे राष्ट्रीय स्मारक घोषित न किया जाना आदिवासियों के ऐतिहासिक बलिदान का अपमान है। उन्होंने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की कि बिना किसी विलंब के मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा दिया जाए। इस दौरान आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवशंकर ननोमा, सेवादल जिलाध्यक्ष उर्मिला अहारी, उप जिलाप्रमुख सुरता परमार, चिकित्सा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गोविन्द पटेल, जिला परिषद सदस्य गुलशन मनात, नर्वदा देवी कोटेड, जिला कोषाध्यक्ष दशरथ ननोमा, बिछीवाड़ा ब्लॉक उपाध्यक्ष रामलाल पंडवाला, नारायण भगोरा, पगारा प्रशासक मुकेश अहारी, बसंत खराड़ी, हरीश डेंडोर, राजेंद्र मनात, राजेंद्र कोटेड, मुकेश अहारी भोजातो का ओड़ा, अमृत मनात, लालशंकर कटारा, देवराम बरण्डा, गोविंद मनात, नरेश पंड्या, हंसा रावत, बालकृष्ण परमार, भालचंद्र कटारा, गौतम गमेती, अशोक अहारी, पवन गमेती, भूपेंद्र तेजोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
