Homeराज्यराघोपुर में सोलर मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, डीएम बोले—सूर्य की ऊर्जा से...

राघोपुर में सोलर मेला-2026 का भव्य शुभारंभ, डीएम बोले—सूर्य की ऊर्जा से घटेगा बिजली बिल

सुपौल, 08 अगस्त :  प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत शनिवार को राघोपुर स्थित विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय परिसर में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) द्वारा सोलर मेला-2026 का आयोजन किया गया।

मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता (परियोजना) मनोज कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता सुपौल आलोक कुमार रंजन तथा विद्युत कार्यपालक अभियंता राघोपुर धनंजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी रही। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. का मिथिला पाग, शॉल एवं बुके भेंट कर बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों ने मेले में विभिन्न प्रखंडों द्वारा लगाए गए दर्जनों सोलर पैनल स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने मैथिली भाषा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विद्युत उपभोक्ताओं, बैंककर्मियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौर ऊर्जा के लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लोग प्रतिदिन भगवान सूर्य को नमन करते हैं, ऐसे में सूर्य की ऊर्जा का उपयोग कर अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाएं और बिजली का उत्पादन करें। इससे बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सभी विद्युत उपभोक्ताओं को अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए आगे आना चाहिए।

इससे न केवल बिजली खर्च कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। मेले में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सोलर पैनल की स्थापना, सरकारी अनुदान, ऋण सुविधा तथा योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर जेई कृष्ण कुमार यादव (राघोपुर), राकेश रौशन (करजाइन), अजय कुमार (प्रतापगंज), अभिषेक कुमार (भपटियाही) सहित मरौना, निर्मली, वीरपुर एवं अन्य क्षेत्रों के विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments