Home देश वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला आरोपित गिरफ्तार

वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला आरोपित गिरफ्तार

0

सूरत, 07 अगस्त  पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान ओडिशा निवासी रामहरि नाहक के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सूरत के अमरोली क्षेत्र में रहकर लूम मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्य करता है।

वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना की विज्ञप्ति के अनुसार 4 अगस्त को ट्रेन संख्या 20902 गांधीनगर कैपिटल–मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस पर गोठांगाम और कोसाड स्टेशनों के बीच अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया था। घटना में कोच सी-6 की सीट संख्या 63-64 के पास लगी खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में अंकलेश्वर आरपीएफ पोस्ट पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों में काली शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर 6 अगस्त को सयान-गोठांगाम क्षेत्र से आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक धर्मबीर सिंह और राम कुमार शर्मा ने उसे हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपित ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घटना स्थल की पहचान करते हुए स्वीकार किया कि उसी ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंका था, जिससे कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। इसके बाद उसका बयान दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया। बाद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के अनुसार उसे रिहा कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेनों पर पथराव और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर एवं दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या रेलवे प्रशासन को दें, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

कांग्रेस में “चढ़ावा संस्कृति” से तय होती है पद और जिम्मेदारीः अनुराग ठाकुर

Exit mobile version