Homeराज्यपटना के हर वार्ड में लगेंगी 100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें, दूसरे चरण...

पटना के हर वार्ड में लगेंगी 100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें, दूसरे चरण में सभी 75 वार्डों को मिलीं 38-38 लाइटें

पटना : छठ महापर्व से पहले राजधानी पटना की सड़कों और गलियों को रोशन करने के लिए पटना नगर निगम ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। शहर के सभी 75 वार्डों में 100-100 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस अभियान के दूसरे चरण में गुरुवार को सभी वार्डों को 38-38 स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध कराई गईं।

इससे पहले पहले चरण में प्रत्येक वार्ड को 22-22 स्ट्रीट लाइटें दी गई थीं। इस तरह दो चरणों में अब तक हर वार्ड को कुल 60 स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। शेष 40 लाइटें भी आगामी चरणों में दी जाएंगी। इन लाइटों को वार्डों में चिह्नित अंधेरे वाले स्थानों, गलियों और जरूरत के अन्य क्षेत्रों में लगाया जा रहा है।

नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना, रात के समय आवागमन को सुगम करना और नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

तीन महीने में 33 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत

शहर की मौजूदा प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पटना नगर निगम की ओर से विशेष मरम्मत अभियान भी चलाया जा रहा है। पिछले तीन महीनों में 33 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की गई है। वहीं, खराब पाई गई 6 हजार से अधिक लाइटों को नई लाइटों से बदला गया है।

इस कार्य में निगम की 25 से 26 टीमें प्रतिदिन अलग-अलग इलाकों में सक्रिय हैं। ये टीमें स्ट्रीट लाइटों के स्विच, वायर, बल्ब और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कर रही हैं, ताकि शहर में प्रकाश व्यवस्था लगातार बेहतर बनी रहे।

छठ घाटों से संपर्क पथों तक होगी पर्याप्त रोशनी

लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम गंगा घाटों से लेकर उनके संपर्क मार्गों तक रोशनी की व्यवस्था करने में जुटा है। सभी गंगा घाटों पर लाइट टावर तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक लाइट टावर पर चार से पांच फ्लड लाइट या मेटल लाइट लगाई जाएंगी।

इसके अलावा घाटों और संपर्क पथों पर पहले से स्थापित 50 हाईमास्ट लाइटों तथा करीब 22 हजार स्थायी स्ट्रीट लाइटों की भी लगातार निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य छठ पूजा के दौरान किसी भी घाट या रास्ते पर अंधेरा नहीं रहने देना है।

छठ से पहले शहर को रोशन करने में जुटी निगम की टीमें

छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। एक ओर शहर की सड़कों, गलियों और अंधेरे वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, तो दूसरी ओर खराब लाइटों की मरम्मत और घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नगर निगम की विभिन्न टीमें आपसी समन्वय के साथ दिन-रात कार्य कर रही हैं, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान सुरक्षित एवं रोशनी से युक्त वातावरण मिल सके। निगम का लक्ष्य छठ महापर्व से पहले शहर के सभी हिस्सों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments