Homeराज्यअनंत सिंह बेटी-दामाद को देंगे ढाई करोड़ की Defender: छोटे बेटे को...

अनंत सिंह बेटी-दामाद को देंगे ढाई करोड़ की Defender: छोटे बेटे को BMW, शादी में घुड़दौड़ के विजेता को मिलेगी Thar

पटना : मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार में खूब चर्चा बटोर रही है। 25 नवंबर को पैतृक गांव लदमा में होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन इस शादी में सिर्फ बड़े नेताओं और फिल्मी सितारों के पहुंचने की चर्चा नहीं है, बल्कि महंगे उपहार भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद को करीब ढाई करोड़ रुपये की लग्जरी लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करने वाले हैं। वहीं, छोटे बेटे अभिनव को BMW देने की तैयारी है।

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार से होने जा रही है। ऋषिकेश अमेरिका में नौकरी करते हैं। शादी के मौके पर अनंत सिंह उन्हें लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करने वाले हैं। इस लग्जरी SUV की कीमत वेरिएंट के अनुसार करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है। दमदार इंजन, 4×4 ड्राइव सिस्टम और शानदार इंटीरियर वाली यह गाड़ी शादी के सबसे चर्चित उपहारों में शामिल है।

बेटी की शादी के साथ अनंत सिंह के परिवार में छोटे बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होना है। इस खास मौके पर उन्हें BMW कार देने की तैयारी है। यानी एक ही आयोजन में बेटी की शादी और बेटे के जनेऊ संस्कार की दोहरी खुशियां मनाई जाएंगी।

शादी समारोह में घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र होगी। बताया जा रहा है कि प्रतियोगिता जीतने वाले को महिंद्रा थार और उपविजेता को बाइक दी जाएगी। इस तरह शादी के जश्न में खेल और रोमांच का भी इंतजाम किया गया है।

शिवांगी की शादी के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। जयमाला के लिए 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जाएगा। सजावट में विदेशी फूलों का इस्तेमाल होगा। टेंट और सजावट की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के मऊ से आए कारीगरों को दी गई है।

शादी में करीब चार लाख मेहमानों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है। मेन्यू में लगभग 150 तरह के व्यंजन शामिल होंगे। इसमें बिहार के पारंपरिक पकवानों के साथ काजू कतली और सिलाव का खाजा भी परोसा जाएगा।

इस शादी में राजनीति और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया जा रहा है। अभिनेता सोनू सूद, पवन सिंह, अक्षरा सिंह, आम्रपाली दुबे, रवि किशन, मनोज तिवारी और उदित नारायण को निमंत्रण भेजे जाने की बात कही जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेताओं को भी न्योता देने की तैयारी है। अब सबकी नजर 25 नवंबर को होने वाले इस भव्य समारोह पर है। देखना दिलचस्प होगा कि अनंत सिंह की बेटी की शादी में कौन-कौन सी बड़ी हस्तियां पहुंचती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments