Home राज्य IPS भानु प्रताप और पत्नी पूजा सिंह का विवाद पहुंचा थाने, पत्नी...

IPS भानु प्रताप और पत्नी पूजा सिंह का विवाद पहुंचा थाने, पत्नी समेत 7 लोगों पर FIR; सरकारी आवास के गेट पर धरना देने का आरोप

0
520

पटना : बिहार के खगड़िया के पूर्व पुलिस अधीक्षक (SP) भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। इस मामले में पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। FIR मुफस्सिल थाने के थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के आवेदन पर दर्ज की गई है। आरोप है कि पूजा सिंह ने SP के सरकारी आवास के मुख्य गेट पर दो दिनों तक धरना देकर अधिकारियों और आम लोगों का रास्ता रोका। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश भी की।

मामले में पूजा सिंह की मां, भाई, बहन, बहनोई, मौसा और एक अन्य परिचित को भी नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष के आवेदन पर 4 नवंबर 2026 को मुफस्सिल थाना कांड संख्या 151/26 दर्ज किया गया।

दो दिनों तक सरकारी आवास के गेट पर दिया धरना

FIR के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:15 बजे से 9:15 बजे तक पूजा सिंह SP के सरकारी आवास के मुख्य गेट पर धरने पर बैठी रहीं। इसके बाद उसी दिन शाम करीब 5 बजे से 4 नवंबर की सुबह 6:30 बजे तक उनका धरना जारी रहा।

SP आवास परिसर में गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई समेत कई सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं। यहां अधिकारियों, कर्मचारियों और सरकारी वाहनों का लगातार आना-जाना रहता है। थानाध्यक्ष का आरोप है कि धरने के दौरान मुख्य गेट से आवागमन बाधित हुआ और आम राहगीरों को भी रोका गया। इससे सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ।

थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश का आरोप

थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के आवेदन के अनुसार, जब उन्होंने पूजा सिंह से मुख्य गेट से हटने को कहा तो वह कई बार उग्र हो गईं। इसी दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूजा सिंह ने कथित तौर पर कहा, “मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो। जब तक मुझे आवास के अंदर नहीं जाने दिया जाएगा, मैं किसी को आने-जाने नहीं दूंगी।”

परिजनों और परिचितों के कहने पर धरने पर बैठने का आरोप

थानाध्यक्ष के आवेदन के मुताबिक, पूजा सिंह से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि धनवंत सिंह राठौर और अन्य लोग उन्हें वहां लेकर आए थे।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पूजा सिंह की मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रह्लाद मिश्रा और धनवंत सिंह राठौर समेत अन्य करीबी लोगों ने उन्हें तब तक धरने पर बैठे रहने को कहा था, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।

इसी मामले में इन लोगों को भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है।

4 नवंबर को SP पद से हटाए गए भानु प्रताप

पत्नी के साथ विवाद सामने आने के बाद 4 नवंबर को भानु प्रताप सिंह को खगड़िया के पुलिस अधीक्षक पद से हटा दिया गया। उन्हें पुलिस मुख्यालय में अटैच कर दिया गया है। इस घटनाक्रम के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।

2016 में किया था प्रेम विवाह, संघर्ष के दिनों में साथ देने का दावा

पूजा सिंह के मुताबिक, उनकी और भानु प्रताप सिंह की शादी साल 2016 में प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। उस समय भानु प्रताप दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे और उनके पास नौकरी नहीं थी।

पूजा का दावा है कि उस दौरान उन्होंने एक निजी स्कूल में पढ़ाकर घर का खर्च चलाया और पति की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग किया। बाद में भानु प्रताप ने यूपीएससी परीक्षा पास की और 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। इसके बाद उनकी तैनाती खगड़िया के SP के रूप में हुई।

पूजा सिंह का आरोप है कि पति के आईपीएस अधिकारी बनने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आ गया। उनके अनुसार, पिछले कई महीनों से दोनों के रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं। पूजा का यह भी आरोप है कि उन्हें अपनी बेटी से मिलने नहीं दिया जा रहा है।

‘पति से अलग नहीं होना चाहती, परिवार फिर से बसाना है’

पूजा सिंह का कहना है कि वह अपने पति से अलग नहीं होना चाहती हैं और न ही उनका मकसद किसी तरह का कानूनी विवाद खड़ा करना है। वह चाहती हैं कि उनका परिवार फिर से एक हो जाए।

उनके मुताबिक, वह अपनी बेटी और पति के साथ दोबारा घर बसाना चाहती हैं। पूजा का दावा है कि पिछले 8-9 महीनों से उन्हें अपनी छह साल की बेटी से मिलने का मौका नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि इसी परेशानी को लेकर वह लगातार अधिकारियों से गुहार लगा रही हैं। फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी और पूजा सिंह के आरोपों के बीच विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
Bhai Dooj 2026: 11 नवंबर को मनाया जाएगा भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा, सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग में बहनें करेंगी भाइयों का तिलक देश

Bhai Dooj 2026: 11 नवंबर को मनाया जाएगा भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा, सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग में बहनें करेंगी भाइयों का तिलक