- मनेर से बख्तियारपुर तक निजी अस्पताल अलर्ट, PMCH-IGIMS और NMCH में इमरजेंसी के लिए बेड सुरक्षित; गर्दनीबाग में 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम
पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी व्यापक इंतजाम किये गये हैं। छठ के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष चिकित्सा व्यवस्था तैयार की है। मनेर से बख्तियारपुर तक गंगा किनारे स्थित निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। इन अस्पतालों में जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी। वहीं, घाटों के आसपास करीब 40 एंबुलेंस लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा राजधानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में आपात स्थिति से निबटने के लिए बेड सुरक्षित रखे गये हैं।
छठ के दौरान गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मनेर से बख्तियारपुर तक गंगा किनारे स्थित निजी अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर इन अस्पतालों में निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जायेगा। विभाग का उद्देश्य है कि जरूरतमंदों को बिना देरी के चिकित्सा सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने बुधवार को संबंधित अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रहने का निर्देश जारी किया। इसके तहत पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH), इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) और नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में आपात स्थिति से निबटने के लिए विशेष बेड सुरक्षित रखे गये हैं।
गंगा किनारे स्थित प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल टीमों की तैनाती भी की जायेगी। ये टीमें श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध करायेंगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से घाटों के आसपास करीब 40 एंबुलेंस तैनात की जायेंगी। ये एंबुलेंस लगातार गश्त करेंगी और इनमें जरूरी दवाओं के साथ चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे। किसी दुर्घटना, डूबने की घटना या श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध करायेंगी।
छठ पर्व के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन के लिए गर्दनीबाग में विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यह कंट्रोल रूम 13 से 16 नवंबर तक 24 घंटे काम करेगा। यहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती रहेगी।
स्वास्थ्य संबंधी किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में श्रद्धालु कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0612-2951964 पर संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से घाटों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अकेला नहीं छोड़ने की सलाह दी गयी है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर श्रद्धालु नजदीकी मेडिकल कैंप या स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि छठ के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।




Users Today : 131
Who's Online : 0