भागलपुर : मारवाड़ी कॉलेज में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) केंद्र की जगह बदलने का फैसला लिया गया है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रशासन अब इग्नू केंद्र को पुराने भवन की दूसरी मंजिल से हटाकर कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार के पास स्थित पुरानी लाइब्रेरी में स्थानांतरित करने जा रहा है। इससे नामांकन, पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
फिलहाल मारवाड़ी कॉलेज का इग्नू केंद्र पुराने भवन की दूसरी मंजिल पर संचालित हो रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी विभिन्न शैक्षणिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। दूसरी मंजिल पर केंद्र होने के कारण विद्यार्थियों को वहां तक पहुंचने में परेशानी होती है। खासकर सीढ़ियां चढ़ने में असुविधा महसूस करने वाले विद्यार्थियों को अधिक दिक्कत होती है।
कॉलेज प्रशासन ने इस समस्या को देखते हुए केंद्र को प्रवेश द्वार के नजदीक स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। नई जगह पर केंद्र होने से विद्यार्थियों को कॉलेज परिसर में प्रवेश करते ही आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी। इससे उनका समय भी बचेगा।
कॉलेज प्रशासन की नई व्यवस्था के तहत पुरानी लाइब्रेरी में इग्नू केंद्र संचालित किया जायेगा, जबकि कॉलेज की नियमित लाइब्रेरी को नये भवन में स्थानांतरित किया जायेगा। नये भवन में लाइब्रेरी को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर अध्ययन व्यवस्था के अनुरूप तैयार किया गया है।
प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा ने बताया कि लाइब्रेरी को नये भवन में स्थानांतरित करने से छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा। आधुनिक व्यवस्था के साथ तैयार की गयी नई लाइब्रेरी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करायेगी।
इग्नू केंद्र की जगह बदलने के पीछे विद्यार्थियों की पहुंच से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं भी अहम हैं। कॉलेज बंद रहने की स्थिति में इग्नू के विद्यार्थियों को केंद्र से संबंधित कार्यों के लिए परेशानी होती है। ऐसे में केंद्र को प्रवेश द्वार के पास लाने से विद्यार्थियों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
हालांकि, कॉलेज बंद रहने की स्थिति में केंद्र के संचालन और विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आयी है।
कॉलेज प्रशासन ने इग्नू केंद्र और लाइब्रेरी को नई जगह पर स्थानांतरित करने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। अब शिफ्टिंग की प्रक्रिया पूरी होने और नई व्यवस्था शुरू होने का इंतजार है। इस बदलाव से इग्नू के विद्यार्थियों के साथ-साथ कॉलेज के नियमित छात्र-छात्राओं को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।




Users Today : 131
Who's Online : 0