Home राज्य झारखंड में 21-22 नवंबर को जुटेंगे देशभर के दलित, गरीब और ग्रामीण...

झारखंड में 21-22 नवंबर को जुटेंगे देशभर के दलित, गरीब और ग्रामीण मजदूर, 1000 से अधिक प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

0
394

झारखंड : गिरिडीह जिले के सरिया में आगामी 21 और 22 नवंबर को दलितों, गरीबों और ग्रामीण मजदूरों का विराट राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से 1000 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में रोजगार, आवास, मजदूरी, सामाजिक सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

सम्मेलन को भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, प्रख्यात अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, प्रो. डीएम दिवाकर, हैदराबाद के दलित चिंतक लक्ष्मणैया, सामाजिक कार्यकर्ता दयामणि बारला और पूर्व विधायक विनोद सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियां संबोधित करेंगी। इसके अलावा देश के कई सांसद, विधायक, किसान, मजदूर और महिला नेता भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सम्मेलन को लेकर पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार फर्जी आंकड़ों के जरिए देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति को छिपा रही है।

धीरेंद्र झा ने कहा कि सरकार गरीबी कम होने का दावा कर रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी, बेरोजगारी और कर्जदारी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने गरीब परिवारों पर बढ़ते आर्थिक दबाव और कर्ज के कारण आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताई।

उन्होंने सरकारी शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि शिक्षा क्षेत्र को कॉरपोरेट के हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है। उनके मुताबिक, राष्ट्रीय सम्मेलन के बाद ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के अधिकारों को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

खेग्रामस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दलितों, गरीबों और प्रवासी मजदूरों के नाम मतदाता सूची से बाहर कराए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और आम लोगों के मताधिकार की रक्षा राष्ट्रीय सम्मेलन का प्रमुख मुद्दा होगा।

खेग्रामस के बिहार राज्य सचिव शत्रुघ्न सहनी ने बताया कि बिहार से करीब 500 प्रतिनिधि राष्ट्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में दलितों और गरीबों के वास-आवास से जुड़े सवालों पर विशेष चर्चा होगी।

इसके साथ ही जी-राम-जी योजना के तहत काम की गारंटी, मजदूरी का समय पर भुगतान और ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बिहार में संगठन का सदस्यता अभियान चल रहा है और राज्य में 10 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

खेग्रामस का यह राष्ट्रीय सम्मेलन देशभर के दलितों, गरीबों, ग्रामीण मजदूरों और वंचित समुदायों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का मंच होगा। दो दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में रोजगार, आवास, सामाजिक सुरक्षा, मजदूरी और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर चर्चा के साथ आगे की रणनीति भी तय की जाएगी। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि अपने क्षेत्रों की समस्याओं और मांगों को भी सामने रखेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
छठ पूजा से पहले पटना के गंगा घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, 3 घाटों पर लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को शो-कॉज राज्य

छठ पूजा से पहले पटना के गंगा घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, 3 घाटों पर लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को शो-कॉज