पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पटना नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने गंगा घाटों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन घाटों पर काम की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर संबंधित सहायक अभियंता को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर पूरी करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पाटलिपुत्र अंचल के तीन घाटों के पहुंच पथ पर दलदल की स्थिति पाई गई। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।
इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पहुंच पथ का समतलीकरण कराने और सैंड बैग लगाने का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों को दूर करना है।
नगर आयुक्त ने प्रमुख घाटों पर फ्लोरोसेंट और नाइट ग्लो साइनेज लगाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सभी घाटों पर दिशा-सूचक बोर्ड और अन्य जरूरी साइनेज लगाने का काम रातोंरात पूरा करने को कहा गया है।
उन्होंने खतरनाक स्थलों पर लाल कपड़े से बैरिकेडिंग करने और चेंजिंग रूम समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को भी जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
छठ पूजा और कार्तिक मास के दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पटना नगर निगम नदी की सफाई पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।
नगर निगम की ओर से ट्रैश स्किमर मशीन के माध्यम से गंगा में तैरते कचरे (फ्लोटिंग वेस्ट) को लगातार हटाया जा रहा है। कार्तिक मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान पूजन सामग्री के विसर्जन से नदी में कचरे की मात्रा बढ़ जाती है।
इसे देखते हुए मशीनों के साथ-साथ सफाईकर्मियों और अतिरिक्त मानवबल की मदद से घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार सफाई कराई जा रही है।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, रोशनी, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
नगर निगम का लक्ष्य छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध कराना है, ताकि महापर्व के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।




Users Today : 120
Who's Online : 0