पटना : बिहार की राजधानी पटना में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दीघा घाट स्थित गार्डेन घी और बांके बिहारी फूड प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाईं। इसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के घी और आटे को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान गार्डेन घी से 5 लाख 24 हजार 160 रुपये मूल्य का 728 किलोग्राम घी और बांके बिहारी फूड प्राइवेट लिमिटेड से 1 लाख 74 हजार 300 रुपये मूल्य का 4,980 किलोग्राम आटा जब्त किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।
खाद्य संरक्षा इकाई की टीम ने दीघा घाट स्थित गार्डेन घी का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान के पास घी निर्माण की वैध अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। इसके अलावा घी का भंडारण जंग लगे टीन के डिब्बों में किया जा रहा था।
इन अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने 728 किलोग्राम घी जब्त कर लिया। इसकी कीमत 5,24,160 रुपये बताई गई है। साथ ही घी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
इसके बाद खाद्य संरक्षा इकाई की टीम ने दीघा घाट स्थित बांके बिहारी फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। यहां आटा, मैदा और सूजी जैसे खाद्य पदार्थों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ आटे के पैकेट पर बैच नंबर भी अंकित नहीं था। इसके बाद विभाग ने 4,980 किलोग्राम आटा जब्त कर लिया। जब्त आटे की कीमत 1,74,300 रुपये बताई गई है। यहां से भी आटे का नमूना जांच के लिए लिया गया।
खाद्य संरक्षा इकाई ने महाराजगंज और पटना सिटी क्षेत्र में भी कार्रवाई की।
रंजीत कुमार की गुड़ दुकान: महाराजगंज, पटना सिटी स्थित दुकान से गुड़ का नमूना लिया गया। वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्देश दिया गया।
मेसर्स भारत ट्रेडर्स: मीना बाजार, महाराजगंज स्थित प्रतिष्ठान से आटा और गुड़ के नमूने लिए गए। यहां भी वैध अनुज्ञप्ति मिलने तक दुकान बंद रखने का निर्देश दिया गया।
खाद्य संरक्षा टीम ने जीपीओ, पटना स्थित मेसर्स यादव डेयरी का भी निरीक्षण किया। यहां से घी का नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कीट नियंत्रण, कर्मचारियों की चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट से संबंधित कमियां पाई गईं। इसके अलावा प्रतिष्ठान की अनुज्ञप्ति में खाद्य श्रेणी भी गलत दर्ज थी। इन कमियों को दूर करने के लिए विभाग ने यादव डेयरी को 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई का कहना है कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया, भंडारण, साफ-सफाई और वैध अनुज्ञप्ति से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है।
विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों की जवाबदेही तय करना और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है। आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहेगा।




Users Today : 119
Who's Online : 1