बलिया/पटना: भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। दोनों के तलाक से जुड़े मामले की कोर्ट में सुनवाई बार-बार टल रही है। इस बीच कोर्ट से बाहर निकलने के बाद ज्योति सिंह का गुस्सा पवन सिंह पर फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार बुलाने के बावजूद पवन सिंह कोर्ट में पेश नहीं हो रहे हैं और उन्होंने कोर्ट के आदेश का मजाक बनाकर रख दिया है।
मीडिया के सामने ज्योति सिंह ने निकाली भड़ास
कोर्ट परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पवन सिंह सरकारी पद पर हैं, लेकिन इसके बावजूद वे कोर्ट और कानून की गरिमा का सम्मान नहीं कर रहे हैं। लगातार बुलाने के बावजूद उनका कोर्ट में पेश नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
ज्योति सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि पवन सिंह को ऐसा लगने लगा है कि वे ही सर्वप्रथम और सर्वश्रेष्ठ हैं। उनके सामने कोर्ट और कानून की कोई अहमियत नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश का इस तरह मजाक बनाना ठीक नहीं है।
बातचीत के दौरान भावुक हुईं ज्योति सिंह
मीडिया से बातचीत के दौरान ज्योति सिंह भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनकी आंखों में आंसू नहीं हैं, लेकिन लंबे समय से इस लड़ाई को लड़ते हुए उन्हें काफी कुछ झेलना पड़ रहा है।
उन्होंने पवन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी पद पर रहते हुए भी एक लड़की को परेशान किया जा रहा है। उनके मुताबिक, पवन सिंह का इरादा उन्हें परेशान करने का है और यह बात अब साफ दिखाई देने लगी है।
बेटी के नाम पर राजनीति, लेकिन बेटी को ही किया जा रहा परेशान
ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर राजनीतिक तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि पवन सिंह ऐसी सरकार का हिस्सा हैं, जहां बेटी के नाम पर प्रचार-प्रसार किया जाता है और बेटी के नाम पर चुनावी रणनीति तैयार की जाती है। लेकिन दूसरी तरफ एक बेटी को ही परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह सब पवन सिंह और सरकार को दिखाई नहीं देता है?
सरकार से भी ज्योति सिंह ने पूछा सवाल
इस दौरान ज्योति सिंह ने सरकार से भी सवाल किया। उन्होंने पूछा कि पवन सिंह को जो सरकारी पद दिया गया है, क्या वे वास्तव में उस पद के योग्य हैं? उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति सरकारी पद पर रहता है तो उससे कानून और व्यवस्था के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपेक्षा की जाती है।
गौरतलब है कि भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा ज्योति सिंह के बीच तलाक का मामला बलिया कोर्ट में चल रहा है। सुनवाई में लगातार हो रही देरी और दोनों पक्षों के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के कारण यह मामला चर्चा में बना हुआ है।




Users Today : 111
Who's Online : 1