पटना: आज से नहाय-खाय के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। छठ के इस पावन अवसर पर बिहार की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते हुए उनके घर खरना का प्रसाद खाने जाने की बात कही है।
नीतीश कुमार के घर खरना का प्रसाद खाने जाएंगी रोहिणी
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान जब रोहिणी आचार्य से नीतीश कुमार को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह उनके घर जरूर जाएंगी। उन्होंने कहा, “क्यों नहीं जाएंगे, वो हमारे चाचा हैं। खरना का प्रसाद खाने जरूर जाएंगे।”
रोहिणी आचार्य के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। नीतीश कुमार जदयू के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं और फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। ऐसे में रोहिणी का उन्हें चाचा बताकर उनके घर प्रसाद खाने जाने की बात कहना राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
लालू-नीतीश के रिश्ते को लेकर फिर शुरू हुई चर्चा
लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के बीच राजनीतिक रिश्ते हमेशा से बिहार की राजनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच कभी दोस्ती तो कभी राजनीतिक विरोध देखने को मिला है। ऐसे में रोहिणी आचार्य का नीतीश कुमार को लेकर दिया गया बयान एक बार फिर दोनों परिवारों के रिश्तों को चर्चा में ले आया है।
इससे पहले पटना में दिवंगत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रवींद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) की श्रद्धांजलि सभा और ब्रह्मभोज के दौरान भी एक खास तस्वीर सामने आई थी। इसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रशांत किशोर और रोहिणी आचार्य एक साथ नजर आए थे। इस मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हुई थीं।
बीजेपी को सत्ता से बाहर करने की अपील
मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी को सत्ता से बाहर करना जरूरी है। इसके लिए विपक्षी दलों को एकजुट होकर काम करना होगा। अगर विपक्षी दलों के बीच कोई मतभेद है तो उसे दूर कर साथ आना चाहिए।
उन्होंने विपक्षी एकता पर जोर देते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर सभी दलों को मिलकर काम करने की जरूरत है।
अपराध और महंगाई को लेकर सरकार पर हमला
रोहिणी आचार्य ने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर हो रहे हमलों और अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर चिंता जताई। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।
फिलहाल रोहिणी आचार्य के खरना का प्रसाद खाने नीतीश कुमार के घर जाने वाले बयान ने बिहार की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि छठ के मौके पर यह पारिवारिक मुलाकात होती है या इसके पीछे कोई नया राजनीतिक संदेश भी सामने आता है।




Users Today : 111
Who's Online : 0