पटना : बिहार की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। गंगा नदी पर बन रहे महत्वाकांक्षी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम अब नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुल की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार पहुंचेंगे। इस दौरान नीतीश सेतु का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री वैशाली जिले के राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कई जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे।
बता दें कि गंगा नदी पर बन रहा कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके शुरू होने से लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने के बाद बिहार की राजनीति में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान विकास की कौन-कौन सी बड़ी सौगातें मिलती हैं।




Users Today : 102
Who's Online : 3