नालंदा : बिहार के नालंदा जिले में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब उन्हें देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए। नाराज दर्शकों ने गुस्से में आकर दर्जनों कुर्सियां तोड़ डालीं। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को कुछ देर के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा।
घटना इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सेखली गांव की है। यहां एक तिलक समारोह के मौके पर भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव को सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था। खेसारी के आने की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे।
खेसारी लाल यादव की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही हजारों की भीड़ जुट गई। हर कोई अपने पसंदीदा कलाकार की एक झलक पाने और उनका लाइव परफॉर्मेंस देखने के लिए उत्साहित था। इसी बीच भीड़ बढ़ती चली गई और लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे।
बताया जा रहा है कि दर्शकों की संख्या उम्मीद से कहीं ज्यादा हो गई थी। ऐसे में बैठने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण स्थिति बिगड़ने लगी। भीड़ का दबाव बढ़ने से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। व्यवस्था से नाराज कुछ दर्शकों ने वहां रखी कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। देखते ही देखते दर्जनों कुर्सियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने और माहौल शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात को देखते हुए आयोजकों ने कुछ समय के लिए कार्यक्रम रोक दिया।
इस्लामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी, लेकिन आयोजकों को जितनी भीड़ आने की उम्मीद थी, उससे कहीं अधिक लोग पहुंच गए। इसी वजह से भगदड़ जैसी स्थिति बनी और नाराज दर्शकों ने कुर्सियां तोड़ दीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




Users Today : 142
Who's Online : 1