पटना : बिहार में चीनी उद्योग को नई रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऐलान किया है कि राज्य में फिलहाल 10 चीनी मिलें कार्यरत हैं, जबकि 5 और चीनी मिलों को जल्द शुरू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ राज्य में चीनी उद्योग को मजबूत करना है।
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के सामने से ‘गन्ना विकास रथ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के लिए गन्ना विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के जरिए किसानों तक आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नई चीनी मिलों की स्थापना और बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों का पुनरुद्धार सरकार की प्राथमिकता है। गन्ने की खेती से न केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
गन्ना विकास रथ के माध्यम से किसानों को उन्नत गन्ना बीज, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान और प्रमाणित गन्ना बीज पर सरकारी सहायता के बारे में भी बताया जाएगा। नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी जाएगी।
सरकार किसानों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की भी तैयारी कर रही है। इसके लिए ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी AI चैटबॉट’ की शुरुआत की गई है। साथ ही किसान गोष्ठियों और नुक्कड़ नाटकों के जरिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




Users Today : 135
Who's Online : 0