Home राज्य बेतिया में Senco Gold शोरूम से 30-40 करोड़ के गहनों की लूट,...

बेतिया में Senco Gold शोरूम से 30-40 करोड़ के गहनों की लूट, 3 बाइक से पहुंचे 8 हथियारबंद अपराधियों ने मचाया तांडव

0
7

बेतिया : बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड स्थित एनएच-727 के किनारे सेंको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में तीन बाइकों से पहुंचे करीब आठ हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के गहने लूट लिए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हथियारों से लैस अपराधी अचानक शोरूम में दाखिल हुए और कर्मचारियों के साथ ग्राहकों को भी अपने कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने सभी के हाथ बांध दिए और उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद सभी को एक जगह बैठा दिया, ताकि कोई विरोध न कर सके और बाहर सूचना भी न पहुंचा सके।

इस दौरान अपराधियों ने शोरूम में रखे सोने, हीरे और दूसरे कीमती आभूषणों को समेट लिया। बताया जा रहा है कि विरोध करने पर दो लोगों के सिर पर हथियार की बट से वार किया गया। इस घटना के बाद शोरूम में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया।

लूट की इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू अपराधियों की कथित धमकी है। शोरूम में मौजूद एक महिला के मुताबिक, फरार होने से पहले बदमाशों ने कहा, ‘हम फिर आएंगे, यह एक फिल्म है।’ इसके बाद सभी अपराधी तीन बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय, SSP कुमार गौतम और DSP अजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। शोरूम और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।

शहर के बीचोंबीच और नेशनल हाईवे के किनारे स्थित बड़े ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अपराधियों ने इतनी बड़ी लूट की योजना कैसे बनाई और वारदात को अंजाम देने के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
पटना कांग्रेस कार्यालय में बवाल! पत्रकारों से मारपीट और बदसलूकी राज्य

पटना कांग्रेस कार्यालय में बवाल! पत्रकारों से मारपीट और बदसलूकी