बोधगया : मगध विश्वविद्यालय (एमयू) में नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया पिछले कई महीनों से ठप पड़ी हुई है। डेटा संग्रह का काम पूरा होने के बाद अब सेल्फ स्टडी रिपोर्ट (एसएसआर) को नैक के पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया अटकी हुई है। मूल्यांकन में हो रही देरी से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, यूजीसी समेत अन्य संस्थाओं से मिलने वाले अनुदान और भविष्य की योजनाओं को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। वहीं, इसका असर विश्वविद्यालय से जुड़े हजारों विद्यार्थियों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि नैक का पोर्टल खुलने का इंतजार किया जा रहा है। पोर्टल खुलते ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी।
पिछली बार मिला था सी ग्रेड, पूर्व कुलपति के कार्यकाल में तेज हुई थी तैयारी
मगध विश्वविद्यालय को पिछले नैक मूल्यांकन में सी ग्रेड मिला था। इसके बाद कोरोना महामारी के कारण मूल्यांकन की प्रक्रिया प्रभावित हो गयी थी। पूर्व कुलपति प्रोफेसर एमपी शाही के कार्यकाल में विश्वविद्यालय की ग्रेडिंग में सुधार के उद्देश्य से तैयारियां तेज की गयी थीं।
इस दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़े एकत्र कर अपलोड किये गये थे। नैक मूल्यांकन की तैयारी को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में कई संगोष्ठी, सेमिनार और कार्यशालाओं का भी आयोजन किया गया था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है। एसएसआर अपलोड नहीं होने के कारण मूल्यांकन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
आईक्यूएसी समन्वयक के साथ जल्द होगी समीक्षा बैठक
नैक मूल्यांकन में देरी को लेकर मगध विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी ने बताया कि नैक का पोर्टल काफी दिनों से नहीं खुल रहा है। इसी वजह से सेल्फ स्टडी रिपोर्ट अपलोड नहीं की जा सकी है। पोर्टल खुलते ही रिपोर्ट अपलोड कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जायेगी।
उन्होंने कहा कि नैक मूल्यांकन की वर्तमान स्थिति और तैयारियों की जानकारी लेने के लिए जल्द ही आईक्यूएसी के समन्वयक प्रोफेसर मुकेश कुमार के साथ बैठक की जायेगी। बैठक में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जायेगी।
अनुदान और डिग्री की मान्यता को लेकर बढ़ी चिंता
शिक्षा क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, नैक मूल्यांकन उच्च शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता और शैक्षणिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण पैमाना है। मूल्यांकन में देरी होने से विश्वविद्यालय को यूजीसी और अन्य वित्तीय सहायता देने वाली संस्थाओं से मिलने वाले अनुदान तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय की ग्रेडिंग का असर उसकी शैक्षणिक प्रतिष्ठा और संस्थागत मान्यता से जुड़े अवसरों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, नैक ग्रेडिंग नहीं होने मात्र से विश्वविद्यालय की ओर से जारी सभी डिग्रियां स्वतः अमान्य नहीं हो जाती हैं। फिर भी मूल्यांकन में देरी से विद्यार्थियों के भविष्य और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिर बिगड़ने लगा शैक्षणिक सत्र का कैलेंडर
मगध विश्वविद्यालय में नैक मूल्यांकन के साथ-साथ शैक्षणिक सत्र का कैलेंडर भी प्रभावित होता दिख रहा है। निर्धारित समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं होने और कई सेमेस्टर में नामांकन की प्रक्रिया अधूरी रहने से सत्र के फिर विलंबित होने की आशंका बढ़ गयी है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग की ओर से पहले घोषित कई परीक्षाओं की तिथियां आगे बढ़ायी जा रही हैं। वहीं, कई सेमेस्टर के साथ वोकेशनल कोर्स में भी नामांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। इसके कारण संबंधित पाठ्यक्रमों की कक्षाएं भी शुरू नहीं हो पायी हैं। परीक्षा और नामांकन में लगातार हो रही देरी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
नवंबर समाप्त होने को, कई परीक्षाओं का इंतजार
नवंबर का महीना समाप्त होने को है, लेकिन विश्वविद्यालय में कई परीक्षाएं अब तक आयोजित नहीं हो सकी हैं। समय पर परीक्षा नहीं होने और नामांकन प्रक्रिया लंबित रहने से आगामी शैक्षणिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका है।
इस संबंध में कार्यवाहक कुलपति प्रोफेसर दिलीप कुमार केसरी ने भरोसा दिलाया है कि विश्वविद्यालय की समस्याओं को जल्द दूर किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सत्र को विलंबित नहीं होने दिया जायेगा। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन नैक मूल्यांकन और परीक्षा कैलेंडर से जुड़ी समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी कर पाता है।




Users Today : 51
Who's Online : 3