Home राज्य बिहार BPSSC के नए चेयरमैन बने IPS जेएस गंगवार, केएस द्विवेदी की...

बिहार BPSSC के नए चेयरमैन बने IPS जेएस गंगवार, केएस द्विवेदी की जगह मिली बड़ी जिम्मेदार

0
6

पटना : बिहार में एक बार फिर प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। वरिष्ठ IPS अधिकारी जेएस गंगवार को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फिलहाल वे बिहार में डीजी विजिलेंस के पद पर तैनात हैं। सरकार ने उन्हें अतिरिक्त प्रभार के रूप में यह नई जिम्मेदारी दी है। यानी अब जेएस गंगवार अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष का काम भी संभालेंगे।

दरअसल, BPSSC के पूर्व अध्यक्ष और बिहार के पूर्व डीजीपी केएस द्विवेदी के छुट्टी पर जाने के बाद से यह पद खाली था। जानकारी के मुताबिक, केएस द्विवेदी 15 सितंबर से करीब एक महीने के अवकाश पर गए थे। उन्होंने पारिवारिक कारणों और अपनी पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी ली थी। हालांकि, छुट्टी के बाद उनके पद पर वापसी नहीं होने के कारण आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी खाली पड़ी थी। अब सरकार ने इस पद का अतिरिक्त प्रभार जेएस गंगवार को सौंप दिया है।

जेएस गंगवार 1993 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उन्हें बिहार पुलिस में लंबे समय तक काम करने का अनुभव है। वे फिलहाल डीजी विजिलेंस के पद पर कार्यरत हैं और 31 जुलाई 2027 को सेवानिवृत्त होंगे। अपने पुलिस करियर के दौरान उन्होंने बिहार और झारखंड के कई नक्सल प्रभावित इलाकों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

गंगवार झारखंड के गढ़वा, चतरा और पलामू के अलावा बिहार के रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा और जहानाबाद जैसे जिलों में भी तैनात रह चुके हैं। इन इलाकों में उन्होंने कानून-व्यवस्था संभालने के साथ नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अभियान चलाने की जिम्मेदारी निभाई।

साल 2005 में नीतीश सरकार ने 1989 के भागलपुर दंगा मामले की जांच दोबारा शुरू कराई थी। उस दौरान जेएस गंगवार को भागलपुर का एसपी बनाकर भेजा गया था। दंगा मामले में आरोपियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है। इसके अलावा नवादा, शेखपुरा और नालंदा में जातीय तनाव और हिंसा के दौरान भी उन्होंने कानून-व्यवस्था संभाली थी।

गंगवार निगरानी, साइबर और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में भी काम कर चुके हैं। ऐसे में अब BPSSC की कमान मिलने के बाद उनकी प्रशासनिक और पुलिसिंग संबंधी अनुभव का इस्तेमाल आयोग के कामकाज में होगा। फिलहाल उनकी नियुक्ति को बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के लिए एक अहम प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार में राशन कार्डधारकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी! ढाई एकड़ से ज्यादा जमीन वालों की होगी जांच, कटेगा मुफ्त राशन? राज्य

बिहार में राशन कार्डधारकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी! ढाई एकड़ से ज्यादा जमीन वालों की होगी जांच, कटेगा मुफ्त राशन?