Home राज्य बिहार में राशन कार्डधारकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी! ढाई एकड़ से...

बिहार में राशन कार्डधारकों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी! ढाई एकड़ से ज्यादा जमीन वालों की होगी जांच, कटेगा मुफ्त राशन?

0
6

डेस्क : बिहार में राशन कार्डधारकों की पात्रता की जांच तेज कर दी गई है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ऐसे लाभार्थियों की पहचान करने में जुटा है, जो निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा नहीं करने के बावजूद राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुफ्त राशन का लाभ उठा रहे हैं। खास तौर पर उन परिवारों पर विभाग की नजर है, जिनके पास ढाई एकड़ से अधिक कृषि योग्य जमीन है और वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी लाभ ले रहे हैं।

भभुआ प्रखंड के खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अयाज अहमद के मुताबिक, इस अभियान के तहत राशन कार्डधारकों के अलग-अलग रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि कौन से परिवार सरकारी राशन योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित पात्रता रखते हैं और कौन अपात्र होने के बावजूद मुफ्त अनाज उठा रहे हैं।

जांच अभियान में खास तौर पर ऐसे परिवारों को चिह्नित किया जा रहा है, जिनके पास निर्धारित सीमा से अधिक कृषि योग्य भूमि है। इसके लिए कृषि भूमि से जुड़े दस्तावेजों और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। इसके अलावा परिवार की आय, चार पहिया वाहनों का स्वामित्व और राशन कार्ड में दर्ज सदस्यों की संख्या की भी जांच होगी।

खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार, जांच में यदि कोई परिवार निर्धारित पात्रता मानकों के विपरीत राशन कार्ड का लाभ उठाते हुए पाया जाता है तो उसे नोटिस जारी किया जा सकता है। नोटिस के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें संबंधित लाभार्थी का नाम राशन कार्ड से हटाने से लेकर पूरा राशन कार्ड रद्द करने तक का निर्णय लिया जा सकता है।

बिहार में राशन कार्ड की पात्रता तय करने के लिए कृषि भूमि के अलावा कई दूसरे मानकों को भी ध्यान में रखा जाता है। इनमें निर्धारित सीमा से अधिक सिंचित कृषि भूमि, चार पहिया वाहन का स्वामित्व, आयकर भुगतान, सरकारी नौकरी और परिवार की आय जैसे बिंदु शामिल हैं।

विभाग का कहना है कि इस जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ सही जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है। अपात्र लोगों को योजना से बाहर कर पात्र लाभार्थियों को सरकारी राशन का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। ऐसे में अब राशन कार्डधारकों को अपने दस्तावेज और पात्रता संबंधी जानकारी सही रखने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार BPSSC के नए चेयरमैन बने IPS जेएस गंगवार, केएस द्विवेदी की जगह मिली बड़ी जिम्मेदार राज्य

बिहार BPSSC के नए चेयरमैन बने IPS जेएस गंगवार, केएस द्विवेदी की जगह मिली बड़ी जिम्मेदार