Home राज्य Bihar Weather Alert: बिहार में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, 13 जिलों...

Bihar Weather Alert: बिहार में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, 13 जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

0
8

पटना : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर बिहार में भी दिखने लगा है। शुक्रवार सुबह गयाजी में हल्की बारिश हुई, जबकि पटना, बेगूसराय और नालंदा समेत कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहे। मौसम में अचानक आए बदलाव से ठंड का एहसास भी बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज पूर्वी और मध्य बिहार के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के 13 जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के अलर्ट में पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, मुंगेर, बांका और भागलपुर जिले शामिल हैं। मौसम का यह बदला मिजाज 22 नवंबर तक बने रहने की संभावना है।

अकवान तूफान के कारण चलेगी पुरवा हवा

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान शुक्रवार को ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट के आसपास पहुंचने का अनुमान है। समुद्र में इसकी रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, जबकि झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इस तूफान के प्रभाव से बिहार में पुरवा हवा चलने की संभावना है। इससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

पटना से गया तक बदला मौसम, कई जिलों में छाए बादल

चक्रवाती तूफान का असर बिहार के अलग-अलग जिलों में देखने को मिल रहा है। राजधानी पटना में सुबह आसमान में काले बादल छाए रहे। वहीं, गयाजी में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई। यहां हल्का कोहरा भी देखने को मिला।

बेगूसराय और नालंदा में भी आसमान में बादल छाए रहे। नालंदा में गुरुवार को सीजन का पहला कोहरा देखने को मिला था। जहानाबाद में बादल छाए रहने के साथ ठंड का एहसास बढ़ गया है।

समस्तीपुर में सुबह मौसम सामान्य रहा और कोहरा नहीं दिखा। कुछ देर बाद आसमान में हल्के बादल छाने लगे, जिससे धूप की लुकाछिपी जारी रही। यहां करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चल रही है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मुजफ्फरपुर में सुबह मौसम साफ रहा। सुबह 7 बजे न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। कटिहार और मधेपुरा में भी सुबह मौसम साफ रहा। मधेपुरा में सुबह का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भोजपुर में बादल छाए रहने से मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

अगले दो दिनों तक बारिश के आसार, बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। वहीं, सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

किसानों की बढ़ सकती है परेशानी

मौसम में अचानक बदलाव से किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। खेतों में तैयार फसलों और खुले में रखे अनाज को बारिश से नुकसान पहुंचने की आशंका है। खासकर कटाई के लिए तैयार खरीफ फसलों को सुरक्षित रखने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि पकी हुई फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें। खेतों में कटी हुई फसल या खुले में सुखाने के लिए रखे अनाज को बारिश से बचाने के लिए ढककर रखें।

बिजली चमकने पर पेड़ के नीचे न लें शरण

मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने और बादल गरजने के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब और जलाशयों के पास जाने से बचें।

इसके अलावा ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित पक्के मकान के अंदर रहें। किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर, बोलीं- चाचा के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला रहेगा राज्य

रोहिणी आचार्य ने नीतीश कुमार को दिया ऑफर, बोलीं- चाचा के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला रहेगा