गोपालगंज : बिहार की राजनीति में एक बार फिर नीतीश कुमार को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चाचा नीतीश कुमार के लिए दिल का दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। रोहिणी के इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने कहा कि अपनों के लिए हमेशा दरवाजे खुले रहते हैं। हम लोग बचपन से उन्हें चाचा कहते आ रहे हैं और हम सब एक ही परिवार के हैं। अब चाचा को फैसला करना है। उन्होंने यह भी कहा कि लालू परिवार चाहता है कि नीतीश कुमार को हमेशा मान-सम्मान मिले, जैसा सम्मान आरजेडी परिवार ने उन्हें हमेशा दिया है।
निजी कार्यक्रम में शामिल होने गोपालगंज पहुंचे लालू परिवार
जानकारी के अनुसार, लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और रोहिणी आचार्य एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोपालगंज पहुंचे थे। यहां आरजेडी कार्यकर्ताओं ने तीनों का भव्य स्वागत किया। इस दौरान रोहिणी आचार्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह अपने माता-पिता के साथ आई हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार की मौजूदा राजनीति और नीतीश कुमार को लेकर भी अपनी बात रखी।
नीतीश और निशांत के अपमान का लगाया आरोप
रोहिणी आचार्य ने बिहार सरकार और बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार को अपमानित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की यही आदत है। जब तक किसी से फायदा मिलता है, तब तक उसका इस्तेमाल किया जाता है और बाद में उसे किनारे कर दिया जाता है।
रोहिणी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मियों की ओर से निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे से बाहर किए जाने की घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे लेकर बीजेपी पर सवाल उठाए।
प्रधानमंत्री के दौरे और ‘नीतीश सेतु’ को लेकर भी साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए बीजेपी पर हमला बोला।
रोहिणी आचार्य के बयान को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर नीतीश कुमार के लिए लालू परिवार की ओर से खुले दरवाजे की बात कहे जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, रोहिणी ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार को ही करना है।




Users Today : 163
Who's Online : 0