पटना : बिहार में उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी तैयारी की जा रही है। राज्य के विश्वविद्यालयों और अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने के लिए सरकार ने नियुक्ति प्रस्ताव तैयार कर लिया है। इसके तहत कुल 10,479 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। वहीं, 211 नए डिग्री कॉलेजों में 211 स्थायी प्राचार्यों और 2,518 कर्मचारियों की भी बहाली होगी।
उच्च शिक्षा विभाग ने नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद अब इसे मंत्रिमंडलीय सचिवालय भेजने की तैयारी है। नियुक्ति प्रक्रिया बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से पूरी की जाएगी।
प्रस्ताव के मुताबिक, विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों के करीब 4 हजार पद खाली हैं। वहीं, 211 नवस्थापित अंगीभूत महाविद्यालयों में 6,479 स्थायी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी।
नए नियमों के तहत पहली बार राज्यस्तरीय पात्रता परीक्षा पास करना अनिवार्य होगा। राज्यपाल एवं कुलाधिपति कार्यालय पहले ही नियुक्ति संबंधी नियमावली को मंजूरी दे चुका है।
160 अंकों की लिखित परीक्षा, 40 अंकों का इंटरव्यू
नई नियुक्ति प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का चयन कुल 200 अंकों के आधार पर होगा। इसमें 160 अंकों की लिखित परीक्षा और 40 अंकों का साक्षात्कार शामिल होगा।
लिखित परीक्षा अभ्यर्थियों की योग्यता का मुख्य आधार होगी। परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा। अंतिम चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
परीक्षा नेट की तर्ज पर आयोजित की जाएगी। इसके आयोजन की जिम्मेदारी बिहार लोक सेवा आयोग को दी जाएगी। वहीं, सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग के माध्यम से की जाएगी।
211 नए डिग्री कॉलेजों में प्रत्येक कॉलेज के लिए एक स्थायी प्राचार्य नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा हर कॉलेज में 12 कर्मचारियों की बहाली होगी।
इनमें लिपिक, प्रयोगशाला सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी शामिल होंगे। लिपिक और तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति राज्य कर्मचारी चयन आयोग और राज्य तकनीकी सेवा आयोग के माध्यम से की जाएगी।
नए कॉलेजों में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के 15 विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। प्रत्येक विभाग में दो-दो सहायक प्राध्यापकों के पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा व्यावसायिक विषयों के लिए भी शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
इन विश्वविद्यालयों में खाली हैं शिक्षक के पद
प्रस्ताव में विभिन्न विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों का भी ब्योरा दिया गया है।
- – पटना विश्वविद्यालय – 501 पद
- – तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय – 304 पद
- – ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय – 743 पद
- – वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय – 480 पद
नियुक्ति प्रक्रिया में राज्य सरकार की ओर से लागू आरक्षण नीति का पालन किया जाएगा। साक्षात्कार के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित होगी, जिसमें विषय विशेषज्ञ प्रोफेसर शामिल रहेंगे।
अगर प्रस्ताव को मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलती है तो बिहार के विश्वविद्यालयों और नए अंगीभूत कॉलेजों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों के पदों को भरने का रास्ता साफ होगा। इससे उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।




Users Today : 259
Who's Online : 5