Home राज्य बिहार को डॉक्टरों की फैक्ट्री बनाना है… सीवान में बोले CM सम्राट...

बिहार को डॉक्टरों की फैक्ट्री बनाना है… सीवान में बोले CM सम्राट चौधरी, 2030 तक MBBS की सीटें होंगी 10 हजार

0
9

पटना : बिहार में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि बिहार को डॉक्टरों की फैक्ट्री बनाना है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राज्य में MBBS की सीटों की संख्या बढ़ाकर 10 हजार करना है। मुख्यमंत्री बुधवार को सीवान के दरौंदा प्रखंड स्थित चितामनपुर के ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित व्हाइट कोट सेरेमनी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2026 का शुभारंभ किया और नवप्रवेशित विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर उनके नए सफर की शुरुआत कराई।

2030 तक 10 हजार MBBS सीटों का लक्ष्य

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में चिकित्सा शिक्षा का तेजी से विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है। पहले राज्य में लगभग 1300 विद्यार्थी ही MBBS की पढ़ाई कर पाते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर करीब पांच हजार हो गई है। सरकार का प्रयास है कि वर्ष 2030 तक MBBS की सीटें बढ़ाकर 10 हजार कर दी जाएं।

उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का संकल्प है। चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदनशील, ईमानदार और समर्पित रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से अगले चार वर्षों में ऐसी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया, जहां मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके और उन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत नहीं पड़े।

निजी मेडिकल कॉलेजों की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के निर्माण में लगभग 700 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। बेतिया और पूर्णिया समेत कई जगहों पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। राज्य में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए सरकारी प्रयासों के साथ निजी संस्थानों की भागीदारी भी जरूरी है। इससे मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा।

स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से 18 हजार करोड़ की सहायता

सम्राट चौधरी ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का जिक्र करते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति अब विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। सरकार इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2037 तक बिहार को विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के संकल्प को भी दोहराया।

मंगल पांडेय और स्थानीय विधायक ने भी रखी बात

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का विस्तार बिहार के उज्ज्वल भविष्य के लिए जरूरी है। मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ने से राज्य के विद्यार्थियों को अपने प्रदेश में ही डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा। साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

स्थानीय विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने ममता मेडिकल कॉलेज की शुरुआत को सीवान के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि इससे सीवान और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।

चेयरमैन ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दिया भरोसा

ममता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. कौशल कुमार गिरि ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा देने के साथ आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, आधुनिक शैक्षणिक वातावरण और व्यावहारिक प्रशिक्षण देने की प्रतिबद्धता जताई।

समारोह में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सांसद विजयलक्ष्मी देवी, विधायक देवेश कांत सिंह, हेमनारायण साह, इंद्रदेव सिंह पटेल, भीष्म प्रताप सिंह, विष्णुदेव पासवान, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव और विधायक डॉ. राहुल राज समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

व्हाइट कोट सेरेमनी के साथ ममता मेडिकल कॉलेज में MBBS के पहले बैच की पढ़ाई का औपचारिक आगाज हो गया। मुख्यमंत्री के 2030 तक 10 हजार MBBS सीटों के लक्ष्य के बीच यह संस्थान बिहार में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, सरकारी बॉडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में की शिकायत राज्य

मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, सरकारी बॉडीगार्ड ने पटना साइबर थाने में की शिकायत